
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सरकारी इमारतों को गिराकर 19 एकड़ में 'ऑक्सीजोन और 202 एकड़ में माइक्रो फॉरेस्ट तैयार किया गया है। इसके ठीक विपरीत कोटा में इंस्ट्रूमेंटेशन लिमिटेड (आईएल) का आवासीय और फैक्ट्री परिसर ही एक ऐसी इकलौती जगह है, जहां 40 बीघा से ज्यादा इलाके में पीपल, बरगद, नीम, आम और शीशम जैसे 5000 से ज्यादा छायादार और फलदार पेड़ लगे हैं। आईएल कॉलोनी की हरियाली तो इतनी घनी है कि यहां 500 से ज्यादा मोर बसे हुए हैं। सरकार इस जमीन पर आवासीय और व्यवसायिक योजना के तहत मल्टीस्टोरी बनाना चाहती है। इसके लिए हरियाली की बलि चढ़ा दी जाएगी।
2014: पहली तस्वीर... छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर... प्रदूषण का स्तर 320 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर... नतीजतन देश के सबसे प्रदूषित 10 शहरों में हुआ शुमार... बावजूद इसके राजनीतिक दलों के दबाव में आई सरकार... कलक्ट्रेट के पीछे 19 एकड़ जमीन पर खड़े पेड़ों को काट कंक्रीट के नए जंगल बसाने की शुरू की तैयारी।
2016: दूसरी तस्वीर: ओमप्रकाश चौधरी ने बतौर जिला कलक्टर चार्ज संभाला और इस इलाके में लगे 500 पेड़ों को बचाने की मुहिम शुरू की... पेड़ों को बचाकर शहर के फेफड़ों में ताजा सांस भरने के लिए लोगों को जागरूक किया... मुहिम ने जोर पकड़ा तो यहां खड़ीं 70 सरकारी इमारतों को गिरा एक हजार करोड़ से ज्यादा कीमत की पूरी जमीन को जंगल में तब्दील कर 'ऑक्सीजोन डवलप करने का प्रस्ताव सरकार को भेजा... शहर को एकजुट देख सरकार भी झुकी और टाउनशिप एवं कॉमर्शियल कंस्ट्रक्शन के पुराने प्रस्ताव को खारिज कर न सिर्फ पौधों को पनपने का मौका दिया... बल्कि 'ऑक्सीजोन के विकास को 20 करोड़ रुपए भी खर्च किए।
2018: तीसरी तस्वीर: न्यूयार्क के सेंट्रल पार्क की तर्ज पर विकसित किया गया रायपुर का 'ऑक्सीजोन अब पूरे देश में नजीर बन चुका है। 3000 से ज्यादा विविध प्रजातियों के फूल, 10000 से ज्यादा छायादार और फलदार पेड़... एशिया के लार्जेस्ट मेन मेड सफारी माइक्रो फॉरेस्ट के साथ-साथ पूरे शहर के फेफड़ों में ताजा सांसें भर रहे हैं... महज दो साल में इस शहर का प्रदूषण स्तर आधे से ज्यादा घटकर 120 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रह गया। शहर की खूबसूरती बढऩे के साथ ही वन्यजीवों को फलने-फूलने का मौका मिला सो अलग।
6 जून 2018: दोपहर दो बजे... कंक्रीट के जंगलों से घिरे कोटा हवाई अड्डे का तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा... वहीं छायादार घने पेड़ों से अटे आर्मी एरिया में ठीक उसी वक्त तापमान दो डिग्री से ज्यादा कम... यानि 42.5 डिग्री सेल्सियस था... इसी तस्वीर का एक और स्याह पहलू था... प्रदूषण। कोटा में उस वक्तप्रदूषण का स्तर 207 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर के उच्च स्तर तक जा पहुंचा और शहर की गिनती देश के 58 वें सबसे प्रदूषित शहर में हो गई.. इतना ही नहीं कोटा के माथे पर राजस्थान के चौथे सबसे प्रदूषित शहर की बदनामी का दाग भी लग गया।