कोटा

कोटा में B.Tech स्टूडेंट की हत्या, जांघ में चाकू लगने से ज्यादा खून बहा; परिवार का इकलौता बेटा था

कोटा के अनंतपुरा थाना क्षेत्र में 18 साल के युवक की चाकू से वार कर हत्या का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आपसी रंजिश के चलते कुछ युवकों ने युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। जान बचाने के लिए युवक वहां से भागने लगा तो हमलावरों ने उसकी जांघ पर चाकू से हमला कर दिया।
2 min read
• •
Oct 06, 2026
kota btech student murder case
मृतक भुवनेश (फोटो पत्रिका नेटवर्क)

Kota B.Tech Student Murder Case: अनंतपुरा थाना क्षेत्र के पंडित दीनदयाल नगर में सोमवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते 18 साल के युवक की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। दो बाइक पर सवार होकर आए पांच बदमाशों ने दोस्तों से मिलने पहुंचे युवक को घेर लिया और उसके साथ मारपीट करने के बाद चाकू से हमला कर दिया।

बता दें कि चाकू युवक की जांघ में लगा, जिससे काफी खून बह गया। घायल अवस्था में उसे न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद एफएसएल और एमओबी टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।

मृतक की पहचान भुवनेश नागर पुत्र संजय निवासी तलवंडी, कोटा के रूप में हुई है। वह परिवार का इकलौता बेटा था और कोटा के एक निजी संस्थान में बीटेक प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। घटना की सूचना मिलने पर अनंतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

दो बाइक से आए पांच बदमाशों ने घेरा

अनंतपुरा थानाधिकारी महेश कारवाल ने बताया, भुवनेश सोमवार रात अपने दोस्तों से मिलने पंडित दीनदयाल नगर की तरफ आया था। इसी दौरान आरोपी दीपक और उसके साथी वहां पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी दो बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने भुवनेश को घेरकर उसके साथ मारपीट की। भुवनेश अपनी जान बचाकर भागने लगा, तभी आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।

चाकू उसकी जांघ में लगा और गंभीर चोट लगने के बाद काफी खून बह गया। मौके पर मौजूद लोग घायल भुवनेश को तुरंत न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की।

मार्च में भुवनेश ने आरोपी दीपक पर किया था चाकू से हमला

पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। थानाधिकारी महेश कारवाल ने बताया कि मार्च 2026 में भुवनेश ने अनंतपुरा थाना क्षेत्र में दीपक पर चाकू से हमला किया था। इस मामले में भुवनेश के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज हुआ था। जांच के दौरान उसके नाबालिग होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद उसे बाल न्यायालय में पेश किया गया, जहां से बाल सुधार गृह भेजा गया था। बाद में वह वहां से बाहर आ गया था और अब 18 वर्ष से अधिक उम्र का था।

पुलिस के अनुसार, भुवनेश के अनंतपुरा क्षेत्र में आने की सूचना दीपक को मिल गई थी। इसके बाद दीपक और उसके साथियों ने कथित तौर पर उस पर हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है। दीपक और उसके अन्य साथी गोबरिया बावड़ी इलाके में रहते हैं।

इकलौता बेटा था भुवनेश

भुवनेश के पिता संजय ने बताया कि वह उनका इकलौता पुत्र था। वह शीला चौधरी रोड पर अपनी दादी के साथ रह रहा था और बीटेक प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। बेटे की हत्या की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एफएसएल और एमओबी टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

Updated on:
06 Oct 2026 02:42 pm
Published on:
06 Oct 2026 02:42 pm