कोटा रेल मंडल के कोटा-चित्तौड़ रेलवे ट्रेक पर अज्ञात बदमाश ने ट्रेन को पटरी से उतारने (डिरेल) की साजिश करते हुए मंगलवार तड़के पुरानी पटरी का टुकड़ा रख दिया। इससे चित्तौड़गढ़ रेल खंड में मालगाड़ी ट्रेक से गुजरते समय इससे टकराई और पटरी का यह हिस्सा उछलकर दूर जा गिरा।
कोटा। कोटा रेल मंडल के कोटा-चित्तौड़ रेलवे ट्रेक पर अज्ञात बदमाश ने ट्रेन को पटरी से उतारने (डिरेल) की साजिश करते हुए मंगलवार तड़के पुरानी पटरी का टुकड़ा रख दिया। इससे चित्तौड़गढ़ रेल खंड में मालगाड़ी ट्रेक से गुजरते समय इससे टकराई और पटरी का यह हिस्सा उछलकर दूर जा गिरा। इस दौरान ट्रेन डिरेल होने से बाल-बाल बच गई।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कोटा-चित्तौड़गढ़ रेललाइन पर तोरनिया व सुवावा गांव के बीच ओराई नदी की पुलिया के पास रेलवे ट्रैक पर किसी ने लोहे की पुरानी पटरी का हिस्सा डाल दिया था। तड़के करीब 3.30 बजे तेज गति से चित्तौड़गढ़ की ओर से कोटा आ रही मालगाड़ी इससे टकराई। ट्रेन की टक्कर से पटरी का यह टुकड़ा ट्रेक से दूर जा गिरा और हादसा होते-होते रह गया। यदि ट्रेन डिरेल हो जाती तो नदी में गिर सकती थी।
मालगाड़ी के लोको पायलट ने मामले की सूचना कंट्रोल रूम और नजदीकी रेलवे स्टेशन पर दी। इस पर कोटा से मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा समेत अधिकारियों की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। चित्तौड़गढ़ रेलवे के अधिकारी और आरपीएफ भी मौके पर पहुंची। आरपीएफ ने प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं स्थानीय पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।
चित्तौड़गढ़ के निकट ट्रेन को पटरी से उतारने के लिए अज्ञात बदमाश ने पटरी पर पुरानी पटरी का टुकड़ा रख दिया था। गनीमत रही कि मालगाड़ी पटरी से नहीं उतरी। आरपीएफ और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सौरभ जैन, सीनियर डीसीएम, कोटा रेल मंडल