
हादसे के बाद मिट्टी हटाता जेसेबी (फोटो-पत्रिका)
कोटा। दिल्ली-मुम्बई रेल लाइन की डाउन लाइन में ब्लॉक पुशिंग कार्य के दौरान गुरुवार रात करीब 8 बजे मिट्टी ढहने से रेलवे के दो इंजीनियर मिट्टी में दब गए। इस पर वहां काम कर रहे श्रमिकों और लोगों ने उन्हें मिट्टी से बाहर निकाला और उपचार के लिए कोटा के एक निजी चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक इंजीनियर को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे इंजीनियर की गंभीर हालत में उपचार के दौरान मौत हो गई।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली-मुम्बई रेल लाइन की डाउन लाइन में ब्लॉक पुशिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक रेलवे ट्रेक की मिट्टी ढह गई और वहां काम कर रहे सेक्शन इंजीनियर (सीडब्ल्यूआइ) संजय कुमार झा और जूनियर इंजीनियर प्रभात सिंह मिट्टी के ढेर के नीचे दब गए। इससे मौके पर हडकंप मच गया।
घटनास्थल मौजूद श्रमिकों ने दोनों इंजीनियर्स को मलबे से निकाला। दोनों को उपचार के लिए कोटा भेजा गया, जहां निजी चिकित्सालय में चिकित्सकों ने सेक्शन इंजीनियर संजय कुमार झा को मृत घोषित कर दिया, जबकि जूनियर इंजीनियर प्रभात सिंह को सीपीआर दी गई, लेकिन कुछ देर बाद उनकी भी मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमबीएस चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर, ग्रामीण एएसपी रामकल्याण मीणा, डीएसपी घनश्याम मीणा, रामगंजमंडी तहसीलदार नेहा वर्मा, चेचट तहसीलदार जगदीश सिंह झाला, कनवास एसडीएम बाबूलाल मीणा, कनवास सीआइ अनूप सिंह सहित सर्कल के चारों थानों का जाप्ता मौजूद रहा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं सुरक्षा कार्यों का जायजा लिया। पुलिस और प्रशासन की टीम देर रात तक मौके पर मौजूद रही।
दरा घाटी क्षेत्र में रेलवे की ओर से अंडरपास निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। रेलवे लाइन के नीचे तीन बड़े सीमेंट बॉक्स डाले जाने हैं। इन्हीं बॉक्स को लगाने के लिए मिट्टी हटाने का कार्य जारी था। इसी दौरान हादसा हो गया। घटना के बाद निर्माण कार्य को अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
सुरक्षा की दृष्टि से फिलहाल अंडरपास को दोनों ओर से बंद कर दिया है। प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है। हादसे के बाद दिल्ली-मुम्बई रेल मार्ग की अप और डाउन लाइन पर रेलवे यातायात को 30 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से कम पर संचालित किया गया।
Updated on:
28 May 2026 10:14 pm
Published on:
28 May 2026 09:20 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
