
NEET Exam New Date(photo-patrika)
एनटीए ने नीट यूजी 2026 परीक्षा शुल्क रिफंड प्रक्रिया के लिए बैंक डिटेल्स जमा कराने की सुविधा शुरू कर दी है। अब अभ्यर्थियों को फीस रिफंड के लिए बैंक खाते की जानकारी अपडेट करनी होगी। एनटीए ने अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए बैंक डिटेल्स जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 जून रात 11.50 बजे तक कर दी है।
एनटीए की ओर से जारी सूचना के अनुसार, करीब 13 लाख अभ्यर्थी अब तक अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट कर चुके हैं, जबकि बड़ी संख्या में छात्र अभी भी प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं। ऐसे में एजेंसी ने रिफंड विंडो को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। पहले इसकी तारीख 27 मई तक थी। गौरतलब है कि नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद फीस रिफंड प्रक्रिया शुरू की गई है। एजेंसी ने यह भी साफ किया है कि पुन: परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा।
कॅरियर काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि नोटिफिकेशन के अनुसार नीट यूजी के लिए आवेदन करने वाले 22.79 लाख में महज 13 लाख ने ही अपनी बैंक डिटेल रिफंड के लिए दी है। ऐसे में इस समय सीमा को बढ़ाया गया। मिश्रा ने बताया कि परीक्षा फॉर्म भरते समय जनरल कैटेगिरी के छात्रों से 1700 रुपए, ओबीसी व ईडब्ल्यूएस कैटेगिरी से 1600 रुपए और एससी, एसटी व दिव्यांग कैटेगिरी के उम्मीदवारों से 1000 रुपए फीस ली गई थी। यह पूरी राशि सीधे छात्रों के दिए गए बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
जानिए फीस रिफंड प्रक्रिया
अभ्यर्थियों को सबसे पहले एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर फीस रिफंड लिंक पर क्लिक करना होगा। इसके बाद नीट यूजी एप्लीकेशन नंबर और पासवर्ड की सहायता से लॉगिन करना होगा। पोर्टल खुलने पर जिस बैंक खाते में रिफंड प्राप्त करना है, उसकी जानकारी भरनी होगी।
अभ्यर्थियों को अकाउंट होल्डर का नाम, बैंक का नाम, आइएफएससी कोड और अकाउंट नंबर सावधानीपूर्वक दर्ज करना होगा। इसके साथ कैंसिल चेक की फोटो अपलोड करने का विकल्प भी दिया गया है। हालांकि यह अनिवार्य नहीं है। सभी जानकारी भरने के बाद आवेदन सबमिट करना होगा।
एनटीए ने स्पष्ट किया है कि एक बार जानकारी सबमिट होने के बाद उसमें किसी प्रकार का संशोधन नहीं किया जा सकेगा। इसलिए अभ्यर्थियों को बैंक डिटेल्स भरते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Published on:
28 May 2026 06:59 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
