
कोटा. 14 सितम्बर की रात को साढ़े नौ बजे थे... पूरा अमला हनुमानगढ़ी में फंसे लोगों को सुरक्षित लाने की कोशिशों में जुटा था... तभी फोन बजा, फोन पर मंदसौर के जिला कलक्टर थे... वे सिर्फ इतना ही कह सके कि कुछ भी हो सकता है, तैयारी कर लीजिए...! मैं सन्न रह गया... चंद पलों के लिए तो मानों लकवा मार गया था...! संत तुकाराम सामुदायिक भवन में बनाए आश्रय स्थल में बाढ़ पीडि़तों का रेला उमड़ रहा था... मेरी आंखों में वहां मौजूद महिलाओं और बच्चों के आंसू तैर उठे... बस फैसला कर लिया कि हम किसी को कुछ भी नहीं होने देंगे...और, ना ही पिछली बाढ़ों की तरह किसी को जान से हाथ धोने देंगे।
Read More: कोटा कलक्टर की चेतावनी: देश के 3 बड़े राज्यों को चंबल के कोप से बचाना है तो इन 4 बांधों की करवानी होगी सिक्योरिटी ऑडिट
चेहरों पर चिंता और आशंका की लकीरें
असल हालात जानने मैं सीधा कोटा बैराज पहुंचा। सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता राजीव चौधरी, अधीक्षण अभियंता एजाजु²ीन अंसारी और अधिशासी अभियंता आरके जैमिनी पहले से ही वहां मौजूद थे। सभी के चेहरों पर चिंता की लकीरें साफ दिख रही थीं। गांधी सागर के एक्सईएन से लेकर अन्य अधिकारी और कर्मचारी फोन तक नहीं उठा रहे थे।
गांधीसागर 1321 फीट तक भर चुका था, जबकि उसकी क्षमता 1324 फीट की है। आप खुद ही सोचकर देखिए कि अगर आपको बताया जाए कि 16 लाख क्यूसेक पानी का इंटेक हो रहा हो और निकासी सिर्फ पांच लाख क्यूसेक ही कर पा रहे हों तो आपकी मनोदशा क्या होगी। ऐसी ही हमारी भी हालत थी। बांध टूट भी सकता है..! ओवरफ्लो भी हो सकता है...! इस तरह की कई आशंकाओं के बीच, रह-रहकर सिर्फ जिला मंदसौर कलक्टर के ही शब्द गूंज रहे थे कि... कुछ भी हो सकता है, तैयारी कर लीजिए।
Read More: कोटा कलक्टर ने चेताया: बारिश का ट्रैंड बदला, राजस्थान में खतरा बढ़ा, चंबल किनारे बसे लोगों को हटाना ही होगा...
कैथून की बाढ़ का अनुभव काम आया
12 और 13 सितम्बर के हालात देखकर हम आर्मी और एनडीआरएफ को पहले से ही हाई अलर्ट पर ले चुके थे। 14 सितम्बर की शाम को निचले इलाकों में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए उन्हें मोबिलाइज भी करवा चुके थे। कुछ दिन पहले ही कैथून की बाढ़ से मिला अनुभव से आनन-फानन में तैयार की गई हमारी यह स्ट्रेटजी बेहद काम भी आई। शाम को ही जलशक्ति मंत्रालय का भी अलर्ट आ गया। बैराज से हालात का जायजा लेने के बाद शहर में घूम कर बचाव और राहत का काम देखते हुए मैं दफ्तर पहुंचा और रात में 12 बजे ही आईपीएस आरपीए, आईएएस, आरएएस और डीएलओ की आपात बैठक बुलाई। पूरी रात दफ्तर और बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने में गुजरी। सुबह होते ही फिर काम में जुट गए। पूरी टीम तीन-चार दिन सोई तक नहीं। इन्हीं की मेहनत थी कि हम लोगों को सुरक्षित निकाल सके।
Read More: खौफनाक मंजर: चंबल की उफनती लहरें किनारे लौटी तो पीछे छोड़ गई तबाही के निशां, तस्वीरों में देखिए विनाशलीला
लोग जुड़ते गए और कारवां बनता गया
12 सितम्बर को हुई तेज बारिश के बाद हालात बिगडऩे का अंदेशा होने लगा था... लेकिन, तब तक बात बैराज के गेट खोलकर पानी की निकासी करने तक ही सीमित थी। 13 सितम्बर को जरूरी काम से जयपुर पहुंचा ही था कि शाम को ही सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता राजीव चौधरी ने गेट को अधिकाधिक खोलकर पानी छोडऩे की इजाजत मांगी। उस वक्त भी बात सामान्य सी ही लगी, लेकिन उनका फिर फोन आया जो गंभीरता की ओर इशारा कर रहा था। मैं तत्काल रात में ही कोटा लौटा। रास्तेभर अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में जुटने के लिए बात करता रहा।
कोटा पहुंचने तक एसपी सिटी दीपक भार्गव, सीईओ जिला परिषद शुभम चौधरी, एसपी एडीएम सिटी वासुदेव मालावत, डीआईजी स्टॉप नरेश मालव, यूआटी सचिव भवानी सिंह पालावत, निगम की कार्यकारी आयुक्त कीर्ति राठौर, जिला आबकारी अधिकारी दीपेंद्र राठौड़, जिला रसद अधिकारी बालकृष्ण तिवारी और आईपीएस अमृता दुहन और आरटीयू की रजिस्ट्रार सुनीता डागा समेत 600 से ज्यादा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों और कार्मिकों का जाप्ता बचाव एवं राहत कार्य में जुट चुका था। वहीं कोटा के चिकित्सकों, आम शहरी, सामाजिक और धार्मिक संगठन लोगों की मदद के लिए ऐसे जुटे कि कारवां बनता चला गया।