
Kota Murder Case: कोटा में अपराध का ग्राफ थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजस्थान की 'शिक्षा नगरी' मंगलवार रात एक खूनी वारदात से दहल उठी, जब 11वीं कक्षा के छात्र शुभम की बेरहमी से चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड के पीछे चौंकाने वाला 'सोशल मीडिया रंजिश' का एंगल सामने आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, शुभम मंगलवार रात अपने दोस्तों के साथ एक शादी समारोह से लौट रहा था। गड़ेपन से कोटा पहुंचने के बाद सभी दोस्त अपने-अपने घरों के लिए रवाना हो गए। जब शुभम उद्योग नगर थाना इलाके में अकेला रह गया, तभी झाड़ियों में छिपे अज्ञात बदमाशों ने उस पर हमला बोल दिया।
हमलावरों ने शुभम के सीने और कमर पर चाकू से कई वार किए। लहूलुहान हालत में शुभम को विज्ञान नगर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार, अधिक खून बह जाने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था।
शुभम के दोस्तों और परिजनों के बयानों ने पुलिस को जांच का एक नया सिरा दिया है। शुभम के दोस्त हजरत अली ने बताया, शुभम सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव था और उसके फॉलोअर्स की संख्या बहुत ज्यादा थी। इसी लोकप्रियता की वजह से कुछ स्थानीय युवक उससे रंजिश रखने लगे थे। हमें अंदेशा है कि इसी जलन और रंजिश के चलते उस पर जानलेवा हमला किया गया।
परिजनों का कहना है कि शुभम का किसी से कोई सीधा झगड़ा नहीं था, जिससे इस 'डिजिटल रंजिश' की थ्योरी को और बल मिल रहा है। वारदात की सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना अधिकारी जितेन्द्र सिंह शेखावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। शुभम के दोस्तों ने एक हमलावर की पहचान कर ली है। पुलिस सोशल मीडिया एंगल और अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है।