कोटा

Kota News: 500 और 200 के चार नकली नोट बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार, ऐसे हुआ खुलासा

Fake Currency Case : स्थानीय पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई के दौरान 500 रुपए के 3 और 200 रुपए का 1 नकली नोट बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

less than 1 minute read
Apr 13, 2026
फोटो पत्रिका नेटवर्क

चेचट (कोटा)। स्थानीय पुलिस ने नकली नोटों के कारोबार का खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई के दौरान 500 रुपए के 3 और 200 रुपए का 1 नकली नोट बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चेचट पुलिस मोडक रोड स्थित एक होटल के पास गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान वहां खड़े दो युवक पुलिस को देखते ही छिपने का प्रयास करने लगे। उनकी संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उन्हें हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 500 और 200 रुपए के नकली नोट बरामद हुए।

आरोपियों की पहचान और खुलासा

पुलिस ने ढाकिया निवासी जाहिद (19) पुत्र दिलखुश और रामगंजमंडी की गरीब नवाज कॉलोनी निवासी इस्लाम (26) पुत्र रफीक मोहम्मद को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ये नकली नोट उन्हें बारां जिले के बडोरा गांव (थाना मोठपुर) निवासी वफार और वसीम से मिले थे। वे इन नोटों को स्थानीय दुकानों पर चलाने का प्रयास कर रहे थे।

नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश

पुलिस अब इस पूरे मामले की गहन जांच में जुट गई है, ताकि नकली नोटों के इस नेटवर्क की जड़ तक पहुंचा जा सके और इसमें शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सके। इस कार्रवाई में थानाधिकारी मदन ढाका, सहायक उपनिरीक्षक पुरुषोत्तम, हैड कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल राजेंद्र (सूचना अधिकारी), सुरेंद्र और मुकेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Published on:
13 Apr 2026 06:07 pm
Also Read
View All