कोटा

Kota News: पुलिस की पिस्टल से अचानक चली गोली, कांस्टेबल जख्मी

कोटा में पुलिस के वार्षिक फायरिंग अभ्यास के बाद अभेड़ा फायरिंग रेंज में बड़ा हादसा हो गया। अभ्यास पूरा होने के बाद हथियारों की जांच के दौरान एक कांस्टेबल की पिस्टल से अचानक गोली चल गई।
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 9:42 PM IST
Kota news
Kota: अस्पताल में भर्ती घायल कांस्टेबल (फोटो-पत्रिका)

कोटा। शहर के अभेड़ा फायरिंग रेंज में शनिवार को पुलिस के वार्षिक फायरिंग अभ्यास के बाद उस समय हड़कंप मच गया, जब हथियारों की जांच के दौरान अचानक गोली चल गई। इस हादसे में पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल मुकेश कुमार घायल हो गए। गोली उनके हाथ की उंगलियों में लगी। घटना के बाद फायरिंग रेंज में मौजूद पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। साथी पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायल जवान को संभाला और उपचार के लिए एमबीएस अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, कोटा शहर पुलिस के जवान शनिवार सुबह निर्धारित वार्षिक फायरिंग अभ्यास के लिए अभेड़ा फायरिंग रेंज पहुंचे थे। यहां पुलिसकर्मियों ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत फायरिंग अभ्यास पूरा किया। इसके बाद सभी जवान अपने-अपने हथियारों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान कांस्टेबल मुकेश कुमार अपनी पिस्टल की जांच कर रहे थे। तभी अचानक पिस्टल से गोली चल गई और उनके हाथ की उंगलियों में जा लगी। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी सकते में आ गए। घायल कांस्टेबल को बिना देरी किए अस्पताल ले जाया गया, जहां इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।

एडिशनल एसपी अस्पताल पहुंचीं, हाथ की होगी सर्जरी

हादसे की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी चंचल मिश्रा भी एमबीएस अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने घायल कांस्टेबल मुकेश कुमार से मुलाकात की और चिकित्सकों से उनकी चोट तथा उपचार की स्थिति की जानकारी ली। एडिशनल एसपी चंचल मिश्रा ने बताया कि पुलिस के वार्षिक फायरिंग अभ्यास के लिए पूरा स्टाफ अभेड़ा फायरिंग रेंज में मौजूद था। अभ्यास समाप्त होने के बाद पुलिसकर्मी अपने हथियारों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने से कांस्टेबल घायल हो गए।

उन्होंने बताया कि चिकित्सकों के अनुसार जवान की हालत फिलहाल सामान्य है, लेकिन हाथ में आई चोट के चलते सर्जरी करनी पड़ेगी। घटना के बाद घायल कांस्टेबल का एमबीएस अस्पताल में उपचार जारी है।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
28 Nov 2026, 9:42 PM IST
Published on: