कोटा

Kota: मां के अंतिम संस्कार के बाद सुसाइड नोट लेकर थाने पहुंचा बेटा, ताऊ और परिजनों के साथ ASI पर लगाए ये आरोप

Kota Woman Committed Suicide: डॉक्टरों ने बताया कि मां ने कुछ टैबलेट्स खा ली हैं। इलाज के दौरान उनकी हालत गंभीर होती गई और आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया।

2 min read
Sep 17, 2025
प्रतीकात्मक तस्वीर: पत्रिका

Case Of Property Dispute: कोटा के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद के चलते एक महिला के आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका के बेटे ने पुलिस रिपोर्ट में आरोप लगाया कि परिजनों के साथ-साथ गुमानपुरा थाने के एएसआइ देवकीनंदन ने भी उसकी मां को धमकाया और मानसिक रूप से परेशान किया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका चित्रा पंजवानी के गुमानपुरा निवासी बेटे पंकज पंजवानी ने रिपोर्ट दी कि उनके परिवार में लंबे समय से संपत्ति विवाद चल रहा है। पंकज का आरोप है कि इस विवाद में उनके ताऊ गिरधारीलाल पंजवानी, सोना, हनी और अन्य रिश्तेदारों ने उनके पिता के जाली हस्ताक्षर कर वसीयत पत्र और पारिवारिक समझौता पत्र तैयार किए। यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। इसी को लेकर उसकी मां चित्रा पंजवानी लगातार तनाव में थी।

ये भी पढ़ें

Jaipur Murder: बहन बोली ‘2016 में पता चल गया था क्रिमिनल है ये…’, मां की चीख से भी नहीं पसीजा बेरहम बेटे का दिल, रोते-चिल्लाते रहे परिजन

पंकज ने पुलिस को बताया कि ताऊ और अन्य परिजन उन्हें और उनकी मां को लगातार परेशान कर रहे थे। वहीं एएसआइ देवकीनंदन भी आरोपियों से मिले हुए थे और उन्होंने उसकी मां को धमकाया। इसी मानसिक दबाव में उसकी मां की 15 सितंबर को तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने बताया कि मां ने कुछ टैबलेट्स खा ली हैं। इलाज के दौरान उनकी हालत गंभीर होती गई और आखिरकार उन्होंने दम तोड़ दिया। महिला ने आत्महत्या से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें गिरधारीलाल पंजवानी, सोना, हनी और एएसआई देवकीनंदन का नाम था।

एडिशनल एसपी दिलीप सैनी ने बताया कि पंकज पंजवानी की रिपोर्ट पर गिरधारी पंजवानी, सोना, हनी और अन्य रिश्तेदारों सहित एएसआइ देवकीनंदन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतका को 15 सितंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपकर अंतिम संस्कार कर दिया गया है। सैनी ने बताया कि संपत्ति विवाद से जुड़े इस मामले में नामजद सभी आरोपियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।

मुझ पर लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार हैं। पुरानी प्रॉपर्टी के मामले में पहले से ही विवाद चल रहा था। मृतका का अपने परिवार के बीच में उस दिन झगड़ा हुआ था, जिस दिन उसने जहरीला पदार्थ खाया। अब कहा जा रहा है कि उसने सुसाइड नोट लिखा है। इस सुसाइड नोट में किसी और ने नाम जोड़ दिया होगा।

गिरधारी पंजवानी, अध्यक्ष, संत कंवर राम धर्मशाला प्रबंध समिति

ये भी पढ़ें

Rajasthan: मां नहीं बन पाई तो विवाहिता को जिंदा जलाया, पुलिस ने अधजले शव को चिता से निकाला; पति के दूसरी महिला से थे अवैध संबंध

Published on:
17 Sept 2025 01:09 pm
Also Read
View All

अगली खबर