कोटा

…अपने वादे से अगले दिन ही पलट गए ‘नेताजी’

किसानों के लिए सरकार से भी भिड़ जाने का ऐलान करने के बाद विधायक भवानी सिंह राजावत रविवार को नॉर्दन बाईपास नहीं पहुंचे।
2 min read
• •
Updated: 8 Apr 2018, 11:20 PM IST
bhawani singh rajawat
bhawani singh rajawat

कोटा .किसानों के लिए सरकार से भी भिड़ जाने का ऐलान करने के बाद विधायक भवानी सिंह राजावत रविवार को नॉर्दन बाईपास नहीं पहुंचे। रामखेड़ली, ब्रजेशपुरा और नयागांव के दर्जनों किसान तपती दुपहरी में बाईपास पर उनका इंतजार करते रहे। विधायक के न आने से गुस्साए किसानों ने उनके खिलाफ नारेबाजी भी की।

2 बजे तक किया विधायक का इंतजार
विधायक के आश्वासन के मुताबिक रामखेड़ली, ब्रजेशपुरा, नयागांव और पीपलदा के दर्जनों किसान सुबह 10 बजे ही नॉर्दन बाईपास पहुंच गए। तेज धूप के बावजूद दोपहर दो बजे तक उन्होंने विधायक का इंतजार किया, लेकिन राजावत ने किसानों से किया गया वादा नहीं निभाया। किसानों के इक_ा होने की खबर लगते ही पुलिस जाप्ता भी मौके पर पहुंच गया। इसके बाद भी विधायक के आने की उम्मीद न देख किसान वापस लौट गए। प्रभावित किसानों ने बढ़ा हुआ मुआवजा लेने की मांग को लेकर शुक्रवार को नार्दन बाईपास का निर्माण कार्य रुकवाने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस जाप्ता मौजूद होने के कारण वह असफल रहे। शनिवार को किसानों ने विधायक भवानी सिंह राजावत का घेराव कर दिया।

राजावत से की थी मुआवजा दिलवाने की मांग
किसानों का कहना था कि उनके कहने पर ही किसानों ने यूआईटी को काम शुरू करने दिया है, इसलिए अब वे ही मुआवजा दिलवाएं। राजावत ने उन्हें आश्वासन दिया कि वह रविवार को काम रुकवाने चलेंगे। जरूरत पड़ी तो अपनी गिरफ्तारी देने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

यह था मामला
किसानों का आरोप है कि जब यूआईटी, जिला प्रशासन और लाड़पुरा विधायक भवानी सिंह राजावत ने दोबारा काम शुरू करने के लिए उनके साथ समझाइश की तो आर्बिट्रेट नियुक्त करने और उसके द्वारा तय मुआवजा लेने की शर्त पर वह राजी हो गए थे, लेकिन जब आर्बिट्रेटर ने मुआवजा राशि बढ़ा दी तो एनएचएआई ने बढ़ा हुआ पैसा कम करने की अपील दायर कर दी। जिसके चलते फैसला अटक गया, लेकिन फैसला आने का इंतजार किए बगैर यूआईटी ने नार्दन बाईपास का काम दोबारा शुरू करा दिया।

Published on: