कोटा

Crime News: MP के युवक ने सोशल मीडिया से खरीदे नकली नोट, राजस्थान के बाजार में चलाने आया तो पुलिस ने किया गिरफ्तार

Rajasthan News: कोटा के बपावरकलां में पुलिस ने बाजार में नकली नोट चलाने आए MP के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 59 हजार 300 रुपए के नकली नोट बरामद हुए जिन्हें उसने सोशल मीडिया पर मिले एक व्यक्ति से खरीदा था।
2 min read
Jul 14, 2026
Fake Note Accused
बपावरकलां पुलिस द्वारा जाली नोटों के साथ गिरफ्तार आरोपी (फोटो: पत्रिका)

MP Youth Arrested With Fake Indian Currency: कोटा के बपावरकलां थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली नोट चलाने की कोशिश कर रहे मध्यप्रदेश के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक बाइक पर एक बैग में नकली नोट भरकर बाजार में घूम रहा था। पुलिस ने उसके पास से कुल 59 हजार 300 रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं। आरोपी इन नकली नोटों से बाजार में सामान खरीदने की फिराक में था।

पुलिस के अनुसार आरोपी के बैग की तलाशी लेने पर 200 रुपए के 50-50 नोटों के चार बंडल मिले। इसके अलावा 200 रुपए के 85 नोटों का एक बंडल और 100 रुपए के 23 नोटों का एक बंडल बरामद किया। जांच में कुल 285 नोट 200 रुपए के और 23 नोट 100 रुपए के पाए।

कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि सांगोद डीएसपी नरेंद्र जैन के सुपरविजन में एसआई रामप्रकाश के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि SBI बैंक के पास छबड़ा रोड पर एक संदिग्ध युवक एमपी नंबर की बाइक और बैग लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बताए गए हुलिए के आधार पर युवक को डिटेन किया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से नकली नोट बरामद हुए। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

सोशल मीडिया दोस्त से खरीदे थे नकली नोट

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आनंद कुशवाह (50) पुत्र तूफान सिंह निवासी पिपरोदा खुर्द, थाना गुना कैंट, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर मिले एक व्यक्ति रवि से 20 हजार रुपए नकद देकर नकली नोट खरीदे थे। आरोपी इन नकली नोटों को स्थानीय दुकानों पर चलाने के उद्देश्य से बपावरकलां बाजार आया था। पुलिस ने सभी नकली नोट जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और नकली नोट सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

Updated on:
14 Jul 2026 09:56 am
Published on:
14 Jul 2026 09:44 am