कोरबा

रामगंजमंडी होने लगी हाउस फुल

भावों में तेजी से व्यापारी उत्साहित, धनिए की तीस हजार व सरसों की 12 हजार बोरी की आवक
2 min read
• •
Updated: 4 Mar 2017, 1:55 AM IST
Feature image

रामगंजमंडी. स्थानीय मंडी में धनिया के साथ सरसों की आवक ने भी मंडी को हाउस फुल के कगार पर पहुंचा दिया है। मंडी में धनिए की तीस हजार व सरसों की बारह हजार बोरी सेहित कुल 45 हजार बोरी जिंस की आवक हुई। अन्य जिंस की तादाद तीन हजार बोरी करीब रही।

मंडी के सभी यार्ड जिंसों से गुलजार हो रहे हैं। मंडी प्रशासन को जिंसों से भरकर आने वाली ट्रैक्टर ट्रॉलियों, पिकअप वाहनों को तुरत फुरत जिंस खाली कर बाहर निकालना पड़ रहा है। सुबह आठ बजे से मंडी में जिंस लेकर आने वाले वाहनों को प्रवेश नहीं मिल रहा है। रात दस बजे ऐसे वाहनों को मंडी प्रांगण में घुसने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।

शुक्रवार को धनिया का नीलामी यार्ड ठसाठस था। इसके आगे वाले रास्ते में धनिया की ढेरियां लगी थी। मंडी के प्रवेश द्वार पर जहां प्रतिदिन ज्वार की नीलामी होती थी, वहां सरसों की ढेरियां लगी थी। सरसों के यह ढेर एफ ब्लाक के हिस्से को जोड़ रहे थे। सेन्ट्रल बैंक के सामने वाली कतार में अन्य जिंसों की ढ़ेरियां करवानी पड़ी।

मंडी प्रशासन ने यातायात व्यवस्था के मद्देनजर इंतजाम किए थे। जिंस खाली करने के बाद वाहनों को बाहर निकालने में होमगार्ड के जवान लगे हुए थे। गुरुवार रात जो वाहन मंडी प्रांगण में पहुंचे, उन्हें तड़के पांच बजे तक अंदर घुसने दिया गया।

इसके बाद जिंस लेकर आने वाले वाहनों को मंडी गेट पर रोक दिया गया। जिंसों से भरे वाहनों की यह कतार शुक्रवार शाम तक पंचमुखी गेट से गुजराती बाजार के हिस्से को पाटते हुए अम्बेडकर सर्किल से बाजार नं 3 तक पहुंच गई।

धनिया के भावों में रंगत

आवक बढऩे व मसाला कंपनियों के खरीद-फरोख्त करने से भावों में रंगत आने लगी है। व्यापारी धनिया खरीद के प्रति रुचि दिखा रहे हैं। इसी कारण तीन दिन में धनिया के भावों में पांच सौ रुपए क्विंटल तक की तेजी आई है। मसाला कंपनियों के प्रतिनिधियों का रूझान रंगदार माल के प्रति देखने में आ रहा है। दिसावर में बादामी माल की पूछपरख होने से लंबे समय से मायूस रहने वाले धनिया व्यापारी अब खरीद के प्रति उत्साहित हैं।

अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित

मंडी यार्ड मं कार्यालय के पास अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित कर दी गई है। इसमें आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मंडी प्रशासन की तरफ से 15 होमगार्ड व 10 गार्ड नीलामी स्थल के लिए लगाए हैं।

सर्वाधिक आवक का रिकॉर्ड अभी दूर

मंडी में सीजन के समय धनिया की 40 से 50 हजार की आवक होती है। इस बार ऐसे हालात अभी तक नहीं बने हैं लेकिन बीते सालों का रिकार्ड देखा जाए तो धनिया के सीजन में सरसों की इतनी आवक नहीं होती, जितनी इस बार देखने में आ रही है। मंडी प्रशासन का मानना है कि होली के त्योहार से पहले मंडी में धनिया की बंपर आवक होती है।

Published on: