कोटा

Kota: जुड़वा बच्चों के जन्म के बाद मां की मौत, ड्रिप चढ़ाते ही 5 प्रसूताओं की बिगड़ी तबीयत

कोटा के जेके लोन अस्पताल में जुड़वा बच्चों को जन्म देने के कुछ घंटे बाद प्रसूता की मौत हो गई। इसी दौरान ड्रिप लगाए जाने के बाद करीब 5 अन्य प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ गई जिनमें से दो को आईसीयू में भर्ती कराया है।
3 min read
Aug 12, 2026
kota pregnant woman death case
मृतक करीना और नवजात शिशुओं का फोटो: पत्रिका

Newborn Twins Mother Death Case: कोटा में सिजेरियन डिलीवरी के बाद प्रसूताओं की मौत का मामला फिर गरमा गया है। जेके लोन अस्पताल में सिजेरियन डिलीवरी के बाद एक और प्रसूता की मौत हो गई। प्रसूता ने ऑपरेशन के बाद दो जुड़वा शिशुओं को जन्म दिया था। दोनों नवजात स्वस्थ हैं लेकिन जन्म के कुछ घंटे बाद ही मां की हालत बिगड़ने से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। कोटा मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पतालों में दो दिन में यह तीसरी प्रसूता की मौत है।

उधर जेके लोन अस्पताल में सोडियम लिक्विड (आरएल) ड्रिप लगाए जाने के बाद करीब पांच प्रसूताओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसमें से 2 प्रसूताओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए ICU में शिफ्ट कर दिया है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम की निगरानी में उपचार किया जा रहा है। उधर तीन प्रसूताओं की मौत के कारणों के अस्पताल प्रशासन चुप्पी साधे हुए है।

जुड़वा शिशुओं के सिर से उठ गया मां का साया

कैथून क्षेत्र के लाडपुर गांव निवासी करीना को सोमवार को दोपहर करीब 12 बजे जेके लोन अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शाम करीब 5 बजे सिजेरियन डिलीवरी हुई। ऑपरेशन के बाद उसने दो जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। दोनों बच्चे स्वस्थ होने पर मां को ऑब्जर्वेशन वार्ड में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया। देर रात करीब 3 बजे अचानक उसे उल्टियां हुईं और बेचैनी बढ़ गई। इसके बाद उसकी मौत हो गई।

उल्टी का कुछ हिस्सा फेफड़ों में चला

जेके लोन अस्पताल अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा का कहना है कि करीना का गर्भावस्था के दौरान नौ माह तक कैथून सीएचसी में उपचार चला। चौथे-पांचवें माह तक उसका ब्लड प्रेशर सामान्य था, लेकिन बाद में बीपी बढ़ गया था। अस्पताल में जानकारी करने पर सामने आया कि सातवें माह से उसे ब्लड प्रेशर की दवाएं दी जा रही थीं, हालांकि मरीज को इसकी जानकारी नहीं थी। अस्पताल पहुंचने पर उसकी जांचें कराई गईं। ब्लड की जांच में लीवर और किडनी से संबंधित पैरामीटर में गड़बड़ी मिली।

बीपी अधिक होने की स्थिति में प्रसव को लेकर जटिलताओं का खतरा रहता है। चिकित्सकों ने स्थिति को देखते हुए सिजेरियन डिलीवरी का निर्णय लिया। ऑपरेशन के बाद मां और दोनों बच्चे स्वस्थ थे। प्रसूता को ऑब्जर्वेशन वार्ड में चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया। रात करीब 3 बजे करीना को अचानक दो बार उल्टी हुई और घबराहट होने लगी। तत्काल जांच करने पर उसका बीपी 90/60 पाया गया। इसके बाद उसे दौरे पड़े। दौरे के दौरान उल्टी का कुछ हिस्सा फेफड़ों में चला गया।

ड्रीप लगते ही बिगड़ी प्रसूताओं की तबीयत

सोमवार देर रात जेके लोन अस्पताल के प्रसूता वार्ड में एक अलग घटना से भी हड़कंप मच गया। सोडियम लिक्विड (आरएल) ड्रीप लगाए जाने के बाद करीब पांच प्रसूताओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों के मुताबिक ड्रीप लगने के बाद प्रसूताओं को सांस लेने में परेशानी, सर्दी लगने और बेचैनी जैसी शिकायत हुई। कुछ प्रसूताएं असामान्य व्यवहार करने लगी। अस्पताल स्टाफ ने तत्काल उपचार शुरू किया। इनमें से दो प्रसूताओं को हालत गंभीर होने पर आईसीयू में शिफ्ट किया गया। दीगोद क्षेत्र के पाडलिया निवासी अशोक मेराठा और गंगापुर निवासी मोहम्मद हारून ने बताया कि उनकी पत्नियां भी इसी वार्ड में भर्ती थीं। उनके अनुसार, आरती, तबस्सुम, केकशां और प्रियंका समेत पांच प्रसूताओं को ड्रीप लगाई गई थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ी। अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा ने बताया कि दो ही प्रसूताओं की ड्रीप के बाद तबीयत बिगड़ी थी।

2 दिन में तीसरी प्रसूता की मौत

जेके लोन अस्पताल में इससे पहले कैथून क्षेत्र के खेड़ारामपुर निवासी गंगोत्री सैनी की सिजेरियन डिलीवरी के बाद मौत हुई थी। इसके करीब तीन घंटे बाद मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल में झालावाड़ जिले की रुबीना की मौत हो गई थी। अब करीना की मौत के बाद दो दिन में मेडिकल कॉलेज के अस्पतालों में तीन प्रसूताओं की मौत हो चुकी है।

औषधि नियंत्रण अधिकारी ने जांचा दवा का बैच

ड्रीप के बाद प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना पर औषधि नियंत्रण अधिकारी राजाराम अस्पताल पहुंचे। उन्होंने संबंधित दवा के बैच की जांच की और सैंपल चेक किया। एडीसी प्रहलाद मीणा ने बताया कि दवा की पूर्व में जांच हो चुकी है और रिपोर्ट मानकों के अनुरूप पाई गई थी। इसके बावजूद घटना के बाद दवा के बैच और सैंपल की जांच की गई। रिपोर्ट स्टैंडर्ड रही। दवा रिएक्शन के और कुछ कारण हो सकते है।

Updated on:
12 Aug 2026 10:36 am
Published on:
12 Aug 2026 10:36 am