
तालेड़ा . तालेड़ा पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने अपना कब्जा बरकरार रखते हुए मीनाक्षी व्यास को प्रधान निर्वाचित कराने में सफलता हासिल की। मीनाक्षी व्यास ने भाजपा की प्रत्याशी ममता गुर्जर को 7 मतों से पराजित किया। मतदान में मीनाक्षी व्यास को 16 तथा ममता गुर्जर को 9 मत मिले। पंचायत समिति के सभी 25 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। हालांकि एक वोट कांग्रेस से एक क्रॉसिंग वोट होने से हलचल मच गई।
प्रधान पद के लिए कांग्रेस की ओर से रघुनाथपुरा से निर्वाचित पूर्व सरपंच मीनाक्षी व्यास तथा भाजपा की ओर से डाबी से निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य ममता गुर्जर ने नामांकन दाखिल किया था। कांग्रेस में प्रधान पद के चेहरे को लेकर मीनाक्षी व्यास की दावेदारी सामने आई थी। जयपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में विधायक हरिमोहन शर्मा की सहमति के बाद मीनाक्षी व्यास के नाम पर अंतिम मुहर लगाई गई।
तालेड़ा पंचायत समिति के 25 वार्डों में कांग्रेस ने 17 तथा भाजपा ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की थी। लेकिन मतदान में कांग्रेस की मीनाक्षी व्यास को पार्टी के निर्धारित संख्या बल से एक वोट कम यानी 16 मत मिले। वहीं भाजपा की ममता गुर्जर को 9 मत प्राप्त हुए। परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस के एक सदस्य की ओर से क्रॉस वोटिंग किए जाने की स्थिति स्पष्ट हुई।
प्रधान पद के चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं। दोनों दलों ने अपने-अपने पंचायत समिति सदस्यों को एकजुट रखने के प्रयास किए। कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद एक वोट कम मिलने से पार्टी के भीतर राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। दूसरी ओर भाजपा ने अपने आठ सदस्यों के अलावा एक अतिरिक्त वोट हासिल कर अपनी स्थिति मजबूत दिखाई।
मतगणना के बाद निर्वाचन अधिकारी ने मीनाक्षी व्यास को विजयी घोषित किया। इसके साथ ही तालेड़ा पंचायत समिति में कांग्रेस का प्रधान निर्वाचित होने से पंचायत समिति की सत्ता पर कांग्रेस का नियंत्रण कायम हो गया।