प्रधान पद के चुनाव को लेकर पंचायत समिति परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। गंगधार पुलिस उपाधीक्षक आशीष भार्गव की अगुवाई में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात रहा। मुख्य द्वार पर भी पुलिस बल लगाया गया। चुनाव प्रक्रिया देखने के लिए कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। कांग्रेस के सभी 17 सदस्यों ने सबसे पहले मतदान किया। इसके बाद एक निर्दलीय और भाजपा के पांच सदस्यों ने मतदान किया। सभी 23 सदस्यों के मतदान के बाद कांग्रेस समर्थकों में उत्साह दिखाई देने लगा। परिणाम घोषित होते ही नवनिर्वाचित प्रधान के बाहर आने पर समर्थकों ने आतिशबाजी कर खुशी मनाई। इस दौरान पूर्व विधायक मदनलाल वर्मा, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष भगवान सिंह, पूर्व जिला परिषद सदस्य शीतल जैन, अजय नागर, सुभाष वेद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।