
विश्व शतरंज दिवस पर अंडर-13 प्रतियोगिता में बच्चों ने चली शह-मात की शानदार चालें
बारां. विश्व शतरंज दिवस के अवसर पर जिला शतरंज संघ की ओर से रविवार को जिला स्तरीय अंडर-13 शतरंज प्रतियोगिता आयोजित की गई। बालक वर्ग में आहान पौराणिक और बालिका वर्ग में अदिति सिंघल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिला चैंपियन का खिताब जीता।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोटा रोड परिसर में हुई प्रतियोगिता में 35 खिलाडिय़ों ने भाग लिया। राजस्थान शतरंज संघ के उपाध्यक्ष प्रद्युम्न गौतम ने बताया कि बालक वर्ग में हर्षिल शर्मा द्वितीय और अक्ष बंसल तृतीय रहे। बालिका वर्ग में सोनाक्षी मीणा द्वितीय और साक्षी मीणा तृतीय स्थान पर रहीं। प्रतियोगिता में कुल पांच राउंड खेले गए। चार-चार अंक प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों के बीच कंप्यूटर सॉफ्टवेयर की टाई ब्रेकर गणना के आधार पर परिणाम घोषित किया गया।
बालक और बालिका वर्ग के विजेता व उपविजेता खिलाड़ी 25 जुलाई से चित्तौडग़ढ़ में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
पुरस्कार वितरण समारोह में व्यापार महासंघ अध्यक्ष योगेश कुमरा और योग प्रशिक्षक डॉ. नीरज यादव ने विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान की। सभी प्रतिभागियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने कहा कि मोबाइल गेमिंग के दौर में शतरंज बच्चों की एकाग्रता और मानसिक शक्ति बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। प्रतियोगिता का संचालन चीफ आर्बिटर प्रमोद गौतम ने किया। गौरव चौरसिया सहयोगी आर्बिटर रहे।