Minor Girl Injured In Dispute: कोटा के एक स्कूल में दो छात्राओं के बीच सोशल मीडिया को लेकर हुई कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया। एक छात्रा को सहपाठी ने पेट में घूंसे मारे। इस हमले में छात्रा को गंभीर चोटें आईं।
School Student Dispute Over Social Media: कोटा के कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के बीएसएन एकेडमी स्कूल में पढ़ने वाली 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ स्कूल परिसर में मारपीट का मामला सामने आया है। मारपीट में छात्रा को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उसे एमबीएस अस्पताल के सर्जिकल आइसीयू में भर्ती कराया गया, जहां उसके पेट का ऑपरेशन तक करना पड़ा। पुलिस ने पीड़िता के पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने बताया कि स्वीट होम कॉलोनी, रामचंद्रपुरा निवासी कक्षा 8 की छात्रा बीएसएन एकेडमी, लक्ष्मण विहार कुन्हाड़ी में अध्ययनरत है। पीड़िता ने पर्चा बयान में बताया कि 27 जनवरी को वह सुबह करीब 9.30 बजे स्कूल पहुंची थी। पहले पीरियड के बाद वह बाथरूम गई और लौटकर कक्षा में पहुंची। इसी दौरान उसकी सहपाठी से बातचीत हुई, जिसमें सोशल मीडिया को लेकर कहासुनी हो गई।
पीड़िता के अनुसार विवाद के दौरान सहपाठी ने उसके पेट में हाथ से दो-तीन घूंसे मारे, जिससे वह चक्कर खाकर पास बैठी छात्रा पर गिर गई। इसके बाद उसे बाथरूम ले जाया गया, जहां उसे उल्टियां हुईं। तबीयत बिगड़ती देख स्कूल प्रशासन को सूचना दी गई और उसकी मां को फोन किया गया।
सूचना पर पीड़िता के पिता स्कूल पहुंचे, जिन्हें पूरी घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद वे छात्रा को घर लेकर गए, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर मां उसे एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंची। शाम को डॉक्टरों ने छात्रा को भर्ती कर लिया। इलाज के दौरान पेट में अंदरूनी चोटें सामने आने पर उसका ऑपरेशन किया गया।
फिलहाल पीड़िता सर्जिकल आइसीयू में भर्ती है। उसके पेट पर पट्टी बंधी हुई है। वह बाईं ओर दर्द की शिकायत कर रही है। घटना की सूचना पर कुन्हाड़ी थाना पुलिस एमबीएस अस्पताल पहुंची और पीड़िता के पर्चा बयान माता-पिता की मौजूदगी में दर्ज किए। पर्चा बयान महिला कांस्टेबल की उपस्थिति में लेखबद्ध किए गए। पुलिस ने बयान और प्रारंभिक चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर मामले को गंभीर मानते हुए बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
मामला पुराना है लेकिन इसकी रिपोर्ट परिजनों ने सोमवार को दी है। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। दोनों में किस बात को लेकर झगड़ा हुआ। इसके बारे में अभी कोई बात सामने नहीं आई है। पुलिस हर पहलु की जांच कर रही है।
कौशल्या गालव, सीआइ कुन्हाड़ी थाना
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना मिली थी, मौके पर कोऑर्डिनेटर नरेश मीणा, काउंसलर महिमा पांचाल व विभाग की टीम पहुंची तथा बालिका की स्वास्थ्य स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद समस्त स्थिति से बाल कल्याण समिति अध्यक्ष राजेंद्र राठौड़ को अवगत करा दिया गया है, बालिका के संबंध में आगे की कार्रवाई जारी है।
दिनेश शर्मा, संरक्षण अधिकारी, बाल अधिकारिता विभाग, कोटा
स्कूल में आठवीं कक्षा की दो छात्राओं के बीच कुछ दिन पूर्व मजाक में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसमें एक छात्रा की कोहनी दूसरी छात्रा के पेट पर लग गई। उस समय कोई गंभीर स्थिति नहीं बनी, लेकिन अगले दिन एक छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर लिया। वर्तमान में छात्रा का इलाज जारी है। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने छात्रा के अभिभावकों से बातचीत की है। छात्रा गरीब परिवार से है, इसलिए स्कूल की ओर से उसके इलाज का पूरा खर्च वहन करने का निर्णय लिया गया है। यह घटना मजाक के दौरान हुई, इसमें स्कूल की कोई लापरवाही नहीं है।
महावीर विजय, निदेशक, बीएसएन एकेडमी, कुन्हाड़ी