
कोटा. शहर में जानलेवा साबित हो रही आवारा मवेशियों की समस्या को दूर करने में नाकाम रहने वाला नगर निगम अब शहर को 'सुअर' मुक्त करेगा। इसके लिए अभियान चलाया जाएगा।
निगम उपायुक्त राजेश डागा ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में सूअरों की प्रभावी रोकथाम के लिए सभी 'सुअर' पालकों को पाबंद किया गया है कि इन्हें खुला नहीं छोड़े। इन्हें सार्वजनिक स्थलों पर छोडऩे के कारण गदंगी फैलती है। दुर्घटना की आशंकाएं भी बनी रहती हैं।
उन्होंने बताया कि पालतू 'सुअर' सार्वजनिक स्थान पर खुले में विचरण करते पाए जाने पर उन्हें पकड़कर संबंधिक पालक के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। 'पब्लिक न्यूसेंस' के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सूअरों की धड़पकड़ के ठेकेदार अधिकृत कर दिया है। निगम के समस्त कर्मचारियों को भी पाबंद किया गया है कि उनके एवं उनके सम्बन्धियों द्वारा पाले गए सूअरों को बाड़े में बंद करें, नहीं तो कार्रवाई होगी।
72 सांड व मवेशी पकड़े
कोटा. निगम दस्ते ने गुरुवार रात व शुक्रवार दिन में कार्रवाई कर 72 आवारा मवेशियों को पकड़कर गोशाला भेज दिया। निगम उपायुक्त राजेश डागा ने बताया कि शुक्रवार को महावीर नगर प्रथम व विश्वकर्मा नगर इलाकों में कुल 36 मवेशी पकड़े। गुरुवार रात को कुन्हाड़ी के रिद्वि सिद्वी नगर व रामपुरा बाजार क्षेत्र में 36 सांडों को पकड़ा गया। एक सप्ताह से चल रहे अभियान में अब तक करीब साढ़े तीन सौ आवारा मवेशी पकड़े जा चुके हैं। सड़कों पर चारा बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।