कोटा

भंसाली की पदमावती के विरोध में उतरे सांसद बिरला, बोले- गौरवशाली इतिहास से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं

भंसाली की पदमावती का विरोध जोर पकड़ने लगा है। कोटा-बूंदी सांसद ओम बिरला ने भी फिल्म की रिलीज का विरोध किया है।
2 min read
• •
Updated: 15 Nov 2017, 12:31 PM IST
MP Om Birla, Kota Bundi Parliament, Birla Protest Against Paddmavati, Sanjay Lila bhansali, Kota Rajasthan Patrika, Kota Latest News, Kota News in Hindi, Crim News Kota
MP Om Birla protest against Bhansalis Paddmavati

कोटा-बूंदी लोकसभा से भाजपा के सांसद ओम बिरला ने भी भंसाली की पदमावती के विरोध में अपनी आवाज उठा दी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के गौरवशाली इतिहास से किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे।

छेड़छाड़ बर्दास्त नहीं करेंगे

सांसद ओम बिरला ने बयान जारी कर कहा है कि फिल्मों या अन्य किसी भी तरीके से राजस्थान के इतिहास को तोड़-मरोड़कर या अन्य तरीके से पेश करना लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड है। उन्होंने कहा कि पदमावती फिल्म में इतिहास को गलत तरीके से दिखाने का प्रयास किया गया है, जिससे जनभावनाएं आहत हैं। भारतीय संस्कृति में राजपूत रानियों की वीरता एवं जौहर की बातें इतिहास में बताई गई हैं, जो पीढिय़ों के लिए प्रेरणादायक हैं। हमारे गौरवशाली इतिहास से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रैली निकाली, किया प्रदर्शन

कोटा में पदमावती फिल्म का विरोध बढ़ता जा रहा है। राजपूत समाज के साथ अन्य समाज भी विरोध में उतर आए हैं। राष्ट्रीय श्री राजपूत करणी सेना व सर्व हिन्दू समाज की ओर से सर्किट हाउस से जिला कलक्ट्री तक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। सर्व समाज के लोगों ने फिल्म सेंसर बोर्ड के चेयरमैन के नाम एडीएम को ज्ञापन दिया और फिल्म पर रोक लगाने की मांग की।

नहीं रिलीज होने देंगे फिल्म

रैली के बाद करणी सेना और सर्व हिंदू समाज ने फिल्म की रिलीज के विरोध में सभा भी की। जिसमें अर्जुन सिंह गौड़ ने कहा कि हाड़ौती में फिल्म किसी सूरत में नहीं चलने दी जाएगी। सेना प्रदेश उपाध्यक्ष मनजीत सिंह नाथावत ने कहा कि किसी भी टॉकीज में फिल्म का ट्रेलर भी चलने नहीं दिया जाएगा। इस अवसर पर निर्भय सिंह, भानु प्रताप सिंह, दुष्यन्त सिंह गहलोत, दीपक भूमलिया, हनुमान गोस्वामी सहित कई लोग उपस्थित रहे।

महिलाओं ने भी किया प्रदर्शन

भंसाली की पदमावती के विरोध में कोटा की महिलाओं ने भी मोर्चा खोल दिया है। कोटा में मंगलवार को राजपूत एकता मंच की महिलाओं ने अध्यक्ष राज सिंह आमेरा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया और प्रशासन को चेतावनी दी कि सिनेमाघरों में ये फिल्म लगती है तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Published on: