मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान के तहत आयोजित वार्ड सभा में आमजन की ओर से सुझाव प्राप्त हुए। नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि अभियान के तहत इन दिनों ड्राफ्ट मास्टर प्लान के अनुमोदन के लिए वार्ड सभाओं का आयोजन किया जा रहा है।
Kota News: वार्ड में सामुदायिक भवन, शौचालय और लाइब्रेरी का निर्माण हो। कम दबाव से जलापूर्ति के समाधान के लिए पाइपलाइन बिछाई जाए। ऐसे सुझाव शुक्रवार को मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान के तहत आयोजित वार्ड सभा में आमजन की ओर से प्राप्त हुए। नगर निगम आयुक्त ओमप्रकाश मेहरा ने बताया कि मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान के तहत इन दिनों ड्राफ्ट मास्टर प्लान के अनुमोदन के लिए वार्ड सभाओं का आयोजन किया जा रहा है।
साथ ही सभा के दौरान मिल रहे अच्छे सुझावों को ड्राफ्ट में शामिल किया जा रहा है। आयुक्त स्वयं भी शुक्रवार को कुन्हाड़ी और केशवपुरा में आयोजित वार्ड सभा में सम्मिलित हुए। आमजन ने विद्युत की कम वोल्टेज से आपूर्ति, विद्युत तारों को अण्डर ग्राउण्ड किए जाने, सीवरेज सिस्टम बिछाने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना जैसे सुझाव भी दिए। वार्ड सभा के दौरान उपायुक्त भावना सिंह तथा संबंधित वार्डों के कनिष्ठ अभियंता भी साथ रहे।
लोगों की शिकायत पर देखा नाला
केशवपुरा में आयोजित वार्ड सभा के दौरान आमजन ने क्षेत्र के नाले की सफाई को लेकर शिकायत की। इस पर आयुक्त तुरन्त लोगों के साथ नाले की सफाई का जायजा लेने पहुंच गए। निगम ने पिछले दिनों नाला साफ करवाया था, लेकिन अभी उसमें और सफाई किए जाने की आवश्यकता महसूस हुई। इस पर उन्होंने उपायुक्त भावना सिंह को नाला
साफ करवाने के निर्देश दिए।
अब वार्ड सभा सोमवार को
मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान के तहत सोमवार को वार्ड 20 में सोमनाथ महादेव मंदिर नान्ता, वार्ड 35 में महात्मा गांधी कॉलोनी चौराहा, वार्ड 45 में मकबरा थाने के पास, वार्ड 69 में शिव मंदिर जयहिन्द नगर, वार्ड 63 में सेक्टर कार्यालय छावनी, वार्ड 60 में तेजाजी मंदिर पार्क, वार्ड 97 में सफाई वार्ड केबिन, डा. अनिल कोठारी के सामने जवाहर नगर, वार्ड 92 में मंशापूर्ण मंदिर, वार्ड 8 में रावणजी का चौक खेड़ा रामपुर तथा वार्ड 23 में नागर टी स्टॉल के पास धरणीधर चौराहा गणेश नगर में वार्ड सभा का आयोजन किया जाएगा।