525 Shivling Temple In Kota: कोटा के शिवपुरी धाम के संचालक संत सनातनपुरी महाराज का रविवार देर रात देवलोकगमन हो गया। उनके निधन से श्रद्धालुओं और संत समाज में शोक की लहर है।
Sanatanpuri Maharaj Passed Away: कोटा के शिवपुरी धाम के संचालक संत सनातनपुरी का रविवार देर रात देवलोकगमन हो गया। उन्होंने देर रात 11.30 बजे शिवपुरी धाम में अंतिम सांस ली। वह पिछले दिनों से बीमार चल रहे थे। जयपुर के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था।
चिकित्सकों ने निमोनिया की शिकायत बताई थी। संत की देखभाल कर रहे श्रद्धालुओं के अनुसार वे वेंटिलेटर पर थे। रविवार को चिकित्सकों ने जवाब दे दिया। इस पर देर शाम साधक उन्हें कोटा लाने के लिए रवाना हुए। महावीर नामा व विपुल अग्रवाल के अनुसार देर रात उन्हें कोटा लेकर पहुंचे। यहां 11.30 बजे उनका देवलोकगमन हो गया। सोमवार को दिन में संत को समाधि दी जाएगी।
संत सनातनपुरी महाराज नागा साधु संत राणारामपुरी महाराज के शिष्य थे। रामपुरी महाराज के निधन के बाद से अपने गुरु से मिली जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहे थे। उन्होंने अपने गुरु के संकल्प को पूरा करने के लिए शिवपुरी धाम में 525 शिवलिंगों की स्थापना करवाई।
इसके बाद से मंदिर की ख्याति देश-विदेश तक फैल गई। 525 शिवलिंगों के अलावा शिवपुरी धाम में पशुपति नाथ, गणेशजी, देवी अन्नपूर्ण समेत अन्य प्रतिमाएं भी स्थापित हैं। संत के सान्निध्य में धाम का विकास अब भी चल रहा।
संत ने समाज में धर्म-संस्कृति के प्रचार-प्रसार में बड़ा योगदान दिया। वे अनंत चतुर्दशी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष भी रहे। वह वर्षों तक फलाहार पर रहे।