नगर निगम ने राष्ट्रीय दशहरा मेले को भव्य बनाने के लिए इस वर्ष विश्व का सबसे ऊंचा 215 फीट का रावण का पुतला तैयार करने की योजना बनाई है।
Kota Dussehra Mela 2025: कोटा के राष्ट्रीय दशहरा मेले में विश्व का सबसे ऊंचा रावण का पुतला बनाने के लिए आवेदन मांगे गए। आवेदन की अवधि चार दिन आगे बढ़ाई गई। इसके बावजूद महज एक ही फर्म ने आवेदन किया है। बताया जा रहा है कि इस फर्म को पहले भी 212 फीट ऊंचा पुतला बनाने का अनुभव है।
नगर निगम ने राष्ट्रीय दशहरा मेले को भव्य बनाने के लिए इस वर्ष विश्व का सबसे ऊंचा 215 फीट का रावण का पुतला तैयार करने की योजना बनाई है। इसके लिए निगम के निर्माण विभाग की ओर से टेंडर जारी किया गया। जिसे 10 जून को खोला जाना था, लेकिन इसके लिए चार दिन का समय बढ़ाया गया और 14 जून को टेंडर की टेक्नीकल बिड खोली गई तो एकमात्र आवेदन हरियाणा की अंबाला की एक फर्म का मिला। तकनीकी बिड की जांच करने के बाद वित्तीय बिड खोलने और नेगोशिएशन के बाद टेंडर जारी किया जाएगा।
देश में रावण का सबसे बड़ा पुतला अब तक हरियाणा के अंबाला के कारीगरों ने 2015 में 212 फीट ऊंचा बनाया है। वहीं इसके बाद दिल्ली में 2024 में 211 फीट ऊंचा पुतला बनाया। दोनों ही पुतलों का निर्माण हरियाणा के अंबाला जिले के कारीगरों की टीम ने किया है। दोनों ही पुतलों के निर्माण के लिए 40 से अधिक कारीगरों ने 4 माह की मेहनत से यह पुतले तैयार किए थे।
कोटा में 2 अक्टूबर को रावण के पुतले का दहन किया जाना है। ऐसे में अब रावण का पुतला तैयार करने के लिए चार माह का समय भी नहीं बचा है। ऐसे में रावण के विशाल पुतले का निर्माण करना बड़ी चुनौती है। इस बार कोटा में दशहरा मेला 22 सितंबर से 17 अक्टूबर तक तिरंगा थीम पर आयोजित किया जाएगा। रावण के 215 फीट का पुतला, कुंभकरण व मेघनाद के 70 फीट के पुतलों का निर्माण करने के अलावा तीनों पुतलों की आतिशबाजी, इन्हें खड़ा करने का काम के लिए निगम में 44 लाख का बजट प्रस्तावित है।