कोटा

NEET-UG 2026 : ऑनलाइन आवेदन शुरू, परीक्षा 3 मई को

मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 का आयोजन 3 मई को किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 फरवरी से शुरू हो गई, जो 8 मार्च तक जारी रहेगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिफिकेशन जारी कर यह जानकारी दी। देशभर के 824 मेडिकल संस्थानों में उपलब्ध 1,29,603 एमबीबीएस सीटों […]

2 min read
Feb 08, 2026
Rajasthan NEET Topper 2025 (Image Source: freepik)

मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट यूजी 2026 का आयोजन 3 मई को किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 8 फरवरी से शुरू हो गई, जो 8 मार्च तक जारी रहेगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर नोटिफिकेशन जारी कर यह जानकारी दी।

देशभर के 824 मेडिकल संस्थानों में उपलब्ध 1,29,603 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश के लिए 24 लाख से अधिक विद्यार्थियों को इस परीक्षा का इंतजार था। वर्ष 2025 की तुलना में इस वर्ष एमबीबीएस सीटों की संख्या में लगभग 15 हजार की वृद्धि हुई है।

करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि यह परीक्षा पेन-एंड-पेपर मोड पर एक ही पारी में आयोजित होगी। परीक्षा का आयोजन देश के 552 शहरों तथा 14 विदेशी शहरों में किया जाएगा। परीक्षा की अवधि 3 घंटे होगी, जिसमें कुल 180 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें फिजिक्स और कैमिस्ट्री से 45-45 प्रश्न तथा बायोलॉजी से 90 प्रश्न (45 बॉटनी व 45 जूलॉजी) शामिल होंगे।

नीट-यूजी 2026 के स्कोर और रैंक के आधार पर एमबीबीएस, बीडीएस, वेटरनरी, आयुर्वेद, यूनानी, सिद्ध एवं नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा 13 भाषाओं असमिया, बंगाली, अंग्रेजी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मराठी, ओड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगू और उर्दू में आयोजित होगी।

लाइव फोटो अपलोड करना अनिवार्य

उन्होंने बताया कि इस वर्ष आवेदन फॉर्म में पोस्टकार्ड साइज फोटो नहीं मांगी गई है, लेकिन उम्मीदवारों को लाइव फोटो अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा पासपोर्ट साइज फोटो, दोनों हाथों के अंगूठे व अंगुलियों के निशान, 10वीं की मार्कशीट व प्रमाण पत्र, हस्ताक्षर, श्रेणी प्रमाण पत्र, वैध पहचान पत्र तथा स्थानीय व स्थायी पते का प्रमाण अपलोड करना होगा।

360 करोड़ रुपए तक की संभावित आय

एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि यदि नीट यूजी 2026 के लिए औसतन 1500 रुपए आवेदन शुल्क माना जाए, तो 24 लाख संभावित अभ्यर्थियों से एनटीए को लगभग 360 करोड़ रुपए की आय हो सकती है। एनटीए की ओर से जारी नीट यूजी 2026 का शेड्यूल अधूरी तैयारी के साथ सामने आया है। पिछले वर्ष 2025 में परीक्षा-शहर की जानकारी, एडमिट कार्ड जारी करने तथा परीक्षा परिणाम की तिथियां पहले ही घोषित कर दी गई थी, जबकि इस वर्ष इन महत्वपूर्ण तिथियों को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।

नीट-यूजी 2026 का शेड्यूल

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया : 8 फरवरी से 8 मार्च

त्रुटि-सुधार (करेक्शन विंडो) : 10 से 12 मार्च

परीक्षा तिथि : 3 मई 2026

परीक्षा नियमों में कोई बदलाव नहीं

नीट यूजी के इन्फॉर्मेशन बुलेटिन के अनुसार, आवेदन शुल्क, परीक्षा पैटर्न, मार्किंग स्कीम, क्वालिफाइंग क्राइटेरिया और टाई-ब्रेकिंग नियमों में किसी प्रकार का कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

विभिन्न श्रेणियों के लिए आवेदन शुल्क

सामान्य वर्ग : ₹ 1700

ईडब्ल्यूएस/ओबीसी-एनसीएल : ₹1600

एससी/एसटी/थर्ड जेंडर : ₹1000

Also Read
View All

अगली खबर