
अंता के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में नर्सिगकर्मियों स्टॉफ की लापरवाही के चलते एक नवजात की मौत हो गई। इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। मामले को ठंडा करने के लिए अस्पताल प्रशासन ने जांच कमेटी गठित की।
परिजनों ने किया हंगामा
स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में सोमवार प्रात: एक नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सा कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। परिजनों का आरोप है कि कई बार बुलाने पर भी स्टॉफ का कोई भी सदस्य बच्चे की देखने नहीं आया। यहां तक के डॉक्टर का भी कोई पता नहीं था। कई मन्नतों के बाद घर में जन्म लेने वाले बच्चे का यूं बिलखते हुए चले जाना, परिजनों से बर्दाश्त नहीं हुआ। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को घेरते हुए जमकर हंगामा किया।
डिलीवरी के बाद से ही रो रहा था बच्चा
मृत शिशु के पिता शिव कॉलोनी अन्ता निवासी दिनेश प्रजापति का कहना है कि उन्हें रविवार को प्रात: 10.40 बजे पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी, लेकिन डिलीवरी के बाद से ही बच्चा लगातार रोता रहा। नर्सिगकर्मियों से कहने पर उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया। वहीं पूरे दिन एवं रात को किसी भी चिकित्सक ने आकर बच्चे की सुध नहीं ली। ऐसे में उचित इलाज के अभाव में शिशु ने सुबह चार बजे दम तोड़ दिया।
Read More: OMG: डिलीवरी करानी है तो, पहले पैसे लाओं
सीएमएचओ ने जांच कमेटी गठित की
परिजनों ने इस सम्बन्ध में सीएमएचओ को लिखित में शिकायत दी है। बाद में सूचना मिलने पर यहांं आए सीएमएचओ बृजेश गोयल ने इस लापरवाही पर यहां तैनात चिकित्सा कर्मियों को लताड़ पिलाते हुए जांच कमेटी गठित कर दी। गोयल ने कहा कि घटना की जांच के बाद दोषी चिकित्साकर्मी के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।