
क्राइम
बसंत विहार स्थित एक निजी अस्पताल में भामाशाह कार्डधारी मरीज से इलाज के लिए पैसे मांगने के मामले में सोमवार को पार्षद व मरीज के परिजनों ने हंगामा कर दिया। पार्षद देवेंद्र चौधरी मामा ने बताया कि हिण्डोली निवासी हुकुम सिंह हाथ का ऑपरेशन करवाने अस्पताल आया था।
Read More: OMG: दशहरा मेले में चोरी करने आए कई राज्यों के गिरोह, 3 महिलाएं पर्स चुराते पकडीं
55 हजार की मांग की गई
अस्पताल प्रबंधन ने मरीज का भामाशाह कार्ड रख लिया और 55 हजार रुपए मांगे। मरीज की और से दो चरणों में 10 व 15 हजार रुपए जमा करा दिए। ऑपरेशन के बाद शेष रहे 30 हजार रुपए और मांगे तो मरीज ने बाद में देने को कहा। जानकारी मिलने पर पार्षद अस्पताल पहुंचे और विरोध किया। उन्होंने कहा कि भामाशाह कार्डधारी का इलाज नि:शुल्क किया जाता है। पहले भी अस्पताल ने बारां के मोहदरा निवासी भामाशाह कार्डधारी रामकुमार से इलाज के राशि वसूली थी।
भामाशाह कार्ड नहीं होने की बात कही
इधर, अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रितेश जैन ने कहा कि मरीज ने अस्पताल में भर्ती होने से पहले भामाशाह कार्डधारी होने की बात नहीं बताई थी। उसकी फाइल में मरीज व उसके अटेंडेंट ने उसके पास भामाशाह कार्ड नहीं होने के हस्ताक्षर किए हुए हैं। ऑपरेशन के पांच दिन बात उसने भामाशाह कार्डधारी होने की बात कहीं। जबकि, अस्पताल में भर्ती होने के 24 घंटे में भामाशाह कार्ड जमा करवाना अनिवार्य है।
मां ने पैसे नहीं दिए तो युवक ने लगाई छलांग
गुमानपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर नशे में एक युवक नहर में कूद गया। उसे निगम के गोताखोरों ने तलाश किया, लेकिन पता नहीं चला। उप निरीक्षक नंदकिशोर ने बताया कि छावनी पुलिस चौकी के पीछे रहने वाली शब्बो ने शाम 4 बजे बाद पुलिस को रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि वह दोपहर करीब 12 बजे अपने पुत्र शेर मोहम्मद (35) के साथ घर से जा रही थी। नाग-नागिन मंदिर के पास नहर किनारे पहुंचते ही शेर मोहम्मद उनसे रुपए मांगने लगा। उन्होंने मना किया तो वह अचानक भागकर नहर में कूद गया।
4 घंटे बाद मिली सूचना
महिला ने बताया कि उसका पुत्र शराब पीने का आदी है। सोमवार को भी वह नशे में था। वह कई-कई दिन तक नहर किनारे फ्लाई ओवर के नीचे ही रहता था। एसआई ने बताया कि महिला ने घटना के करीब 4 घंटे बाद सूचना दी। सूचना पर पुलिस व निगम के गोताखोर मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। गोताखोर विष्णु शृंगी ने बताया कि मोहर्रम के चलते सभी जगहों पर नहर में गोताखोर ड्यूटी पर लगे हैं। कोटड़ी से कंसुआ तक नहर में युवक की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला।
Published on:
3 Oct 2017, 12:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.