नॉर्दर्न बाइपास का कार्यादेश जारी

 कोटा की लाइफ लाइन व रिंग रोड की महत्वपूर्ण कड़ी नॉर्दर्न बाइपास का कार्य जल्द शुरू होगा
2 min read
• •
May 28, 2015
 Kota photo
Kota photo
कोटा। कोटा की लाइफ लाइन व रिंग रोड
की महत्वपूर्ण कड़ी नॉर्दर्न बाइपास का कार्य जल्द शुरू होगा। इसके लिए नगर विकास
न्यास ने कार्यादेश जारी कर दिया है। इस बाइपास के निर्माण की सभी अड़चनें दूर हो
गई हैं। बाइपास पर 185 करोड़ रूपए की लागत आएगी।

न्यास के अधिकारियों ने
बताया कि केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय इस बाइपास की निविदाताओं को
परीक्षण के बाद उपयुक्त माना है। इसके बाद न्यास ने बाइपास के निर्माण के लिए
कार्यादेश जारी कर दिया है। इस कार्य को पूर्ण होने में 2 वर्ष लगेंगे। प्रथम फेज
में कोटा बीना रेल मार्ग पर आरओबी का निर्माण, चन्द्रेसल के पास चन्द्रलोई नदी पर
बड़े ब्रिज का निर्माण सम्मिलित है।

सड़क की कुल लम्बाई 10.3 किमी है तथा सड़क की
चौड़ाई दो लेन (सात मीटर) होगी। प्रोजेक्ट के द्वितीय फेज में चम्बल नदी पर ब्रिज
और गामछ फाटक पर आरओबी का निर्माण सम्मिलित है, इस आरओबी में 452 मीटर लम्बाई की टी
आर्म भी सम्मिलित है। इस प्रोजेक्ट की सम्पूर्ण लम्बाई में लाडपुरा के ग्राम
दसलाना, बृजेशपुरा, रामखेड़ली, पीपल्दा शेखान, नोटाना, देवली मच्छियान, तकिया
किशनपुरा, गांवड़ी एवं गंगायचा तथा तहसील तालेड़ा जिला बूंदी के ग्राम गामछ व
केशवरायपाटन के ग्राम गुड़ला लाभान्वित होंगे। पहले पैकेज में 78.57 करोड़ दूसरे
पैकेज में 96.61 करोड़ भूमि अधिग्रहण में 10.42 करोड़, मिलाकर कुल पूरा प्रोजेक्ट
185.60 करोड़ का होगा।

विकास का बड़ा कदम साबित होगा

विधायक भवानीसिंह
राजावत ने कहा कि नॉर्दर्न बाइपास कोटा के विकास बड़ा कदम साबित होगा। साथ ही लोगों
की राह आसान हो जाएगी। राजावत ने कहा कि इस बाइपास की घोष्ाणा मुख्यमंत्री वसुंधरा
राजे ने पिछले कार्यकाल में की थी, लेकिन कांग्रेस के शासन में इस महत्वपूर्ण
परियोजना को ठण्डे बस्ते में डाल दिया था।

उन्होंने इस बाइपास को मंजूरी दिलाने के
लिए केन्द्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से दिल्ली में भेंटकर इसकी बाधाएं दूर
करवाई थी। अब इस बाइपास के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। राजावत ने बताया कि
बाइपास के शिलान्यास का कार्यक्रम शीघ्र तय किया जाएगा। इसमें मुख्यमंत्री वसुंधरा
राजे और केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी आएंगे। बाइपास के कार्यादेश जारी करवाने के
लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया है।
Published on:
28 May 2015 02:28 am