कोटा

सावधान! कोचिंग नगरी में आ गया मौत का इंजेक्शन, कहीं उड़ता पंजाब न बन जाए कोटा

इंजेक्शन के जरिए स्मैक को सीधे खून में मिलना जो जहर से कम नहीं है। स्मैक के सीधे खून में पहुंचने से तो मौत निश्चित है।
2 min read
• •
Updated: 17 Mar 2018, 10:58 AM IST
Smack

कोटा . पन्नी पर रख सूंघने और सिगरेट में भरकर स्मैक का नशा करने वालों को शहर में कहीं भी देखा जा सकता है। इसमें स्मैक का नशा काफी देर तक रहता है, लेकिन इंजेक्शन के जरिए स्मैक को सीधे खून में मिलना जो जहर से कम नहीं है। स्मैक के सीधे खून में पहुंचने से तो मौत निश्चित है। जानकारों के अनुसर नशे के इंजेक्शन से मौत का हाड़ौती में यह पहला मामला बताया जा रहा है। सीरिंज में एविल के साथ स्मैक मिलाकर उसका इंजेक्शन के जरिए नशा करने से भरतपुर के रहीमपुर निवासी नर्सिंग छात्र अनिल कुमार (20) की गुरुवार को मौत हो चुकी है। नशा मुक्ति के खिलाफ लम्बे समय तक अभियान चलाने वाले और संवेदना रिसर्च फाउंडेशन के संयोजक डॉ. आर.सी. साहनी का कहना है कि स्मैक का नशा बेहद खतरनाक है।


इसे एविल में मिलाकर तरल पदार्थ के रूप में इंजेक्शन के जरिए शरीर में पहुंचना तो मौत को सीधे तौर पर बुलावा देना है। स्मैक का नशा केवल सूंघकर ही लिया जाता है। इंजेक्शन से लेना मतलब गंदगी को सीधे खून के साथ शरीर में पहुंचाना है। इससे नसें ब्लॉक होना व अधिक समय तक गहरी नींद में रहने पर सांस के थमने से मौत निश्चित है। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ काम करने के दौरान पाया कि स्मैक के ओवरडोज से घातक इंफेक्शन हुए, लेकिन मौत का यह हाड़ौती में पहला मामला सुना है।

इंजेक्शन से नशा लेने वाले 5 प्रतिशत से भी कम
उन्होंने बताया कि हाड़ौती में पन्नी पर स्मैक रख सूंघने से नशा करने वाले 70 से 80 फीसदी और सिगरेट में मिलाकर नशा करने वाले 10 से 20 फीसदी लोग हैं। इंजेक्शन से नशा करने वाले 5 फीसदी लोग भी नहीं हैं। यह नशा घातक है। मणिपुर, इंफाल और महाराष्ट्र समेत कई जगह ऐसी हैं, जहां इंजेक्शन से नशा करने वाले करीब 90 फीसदी लोग हैं।

विदेशी सैलानी से आया इंजेक्शन

न्यू मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय के मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. बी.एस. शेखावत ने बताया कि यह नशा कोई पहली बार नहीं लिया गया है। कई लोग इस नशे के आदि होते जा रहे हैं। नशे का यह तरीका बूंदी में एक सैलानी से आया। उसे पकड़ा भी गया था, तब पता चला था कि इस तरह से भी नशा किया जाता है। बूंदी के स्मैकची सबसे पहले इस तरह से नशा करते पाए गए हैं।

ऐसे होता है इंजेक्शन से नशा
डॉ. शेखावत ने बताया कि सबसे पहले नशे के आदि लोग स्मैक पाउडर में कुछ बूंदें एविल (एंटीएलर्जिक) व नींबू की मिला लेते हैं। उसके बाद उसे पानी में डालकर उबाला जाता है। जब ये लिकविड फोम में होता है तो उसे रूई के माध्यम से छानकर फिल्टर किया जाता है। उसके बाद इसे इंजेक्शन के माध्यम से नसों में लगाया जाता है। इसका हाईडोज श्वसन क्रिया व हार्ट पर अटैक करता है।

Published on: