
कोटा. हाईकोर्ट की तर्ज पर कोटा में भी स्क्रीन पर ऑनलाइन कॉजलिस्ट (मुकदमों की सूची) देखने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए अदालतों में स्क्रीन भी लगाई गई, लेकिन अब तक योजना शुरू नहीं हो सकी। कोटा जजशिप में कॉजलिस्ट कम्प्यूटराइज्ड बनने लगी है, लेकिन पक्षकारों को इसे ऑनलाइन स्क्रीन पर दिखाने की योजना मूर्तरूप नहीं ले सकी है।
सभी अदालतों में अंदर और बाहर की तरफ एलईडी स्क्रीन भी लगाई गई थी, लेकिन सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से करीब दो माह पहले एडीजे क्रम 5 अदालत के बाहर से एक स्क्रीन चोरी हो गई। इसके बाद सभी अदालतों के बाहर लगी स्क्रीनों को हटाकर रखवा दिया गया। हालांकि अन्दर वाली स्क्रीन लगी हुई हैं।
सॉफ्टवेयर नहीं हुआ अपलोड
सभी अदालतों में स्क्रीन लगाने का काम तो पूरा हो गया। इन्हें एक विशेष सॉफ्टवेयर से जोड़ा जाएगा। इससे अदालत का कर्मचारी जैसे ही कॉजलिस्ट अपडेट करेगा, वैसे ही वह अंदर और बाहर स्क्रीन पर नजर आ जाएगी। इसके शुरू होने से पक्षकार, वकील व मुंशियों को तारीख जानने के लिए रीडर व अदालतों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, लेकिन अभी तक सॉफ्टवेयर अपलोड नहीं हो पाया है।
तकनीकी खामी दूर करने के बाद होगी शुरुआत
सूत्रों के अनुसार साफ्टवेयर में अभी कुछ तकनीकी खामी है। इसे दूर करने के प्रयास किए जा रहे हैं। यह कमी दूर होते ही इसे शुरू किया जाएगा। साथ ही बाहर लगने वाली स्क्रीन की सुरक्षा के लिए भी जालियां लगाई जाएंगी। इधर पुलिस का कहना है कि अभी तक एलईडी चोरी करने वाले की तलाश की जा रही है। उसका पता नहीं चल सका है।