
कोटा. मतदान की अलख जगाने के लिए राजस्थान पत्रिका का 'मेरा वोट मेरा संकल्पÓ अब गांव-गांव पहुंचने लगा है। शुक्रवार को ताथेड़ गांव के युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने 7 दिसंबर को सारा काम छोड़कर पहले मतदान करने का संकल्प लिया। मतदान की जिम्मेदारी, प्रत्याशी के चयन का तरीका और सियासी अफवाहों से भरी फेक न्यूज की सच्चाई सुनने और उससे लडऩे का तरीका समझने के बाद सभी ने आवाज बुलंद की कि इस बार लोकतंत्र को मजबूत बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
ताथेड़ वासियों ने सियासी शोर में पूरे आवाम की आवाज किसी भी कीमत पर न दबने देने की शपथ ली। लोगों ने संकल्प लिया कि वे 7 दिसंबर को खुद तो मतदान करने जाएंगे ही, साथ ही परिवार के सभी सदस्यों और गांव वासियों को भी साथ लेकर जाएंगे। इतना ही नहीं रिश्तेदारों को फोन और मैसेज कर मतदान करने के लिए प्रेरित भी करेंगे।
श्री गणेश नव युवा मंडल के अध्यक्ष बादल नायक ने कहा कि वह अपने वोट की किसी को कीमत नहीं लगाने देंगे। जो उम्मीदवार उनकी समस्याओं के समाधान और विकास एवं कल्याण का वायदा करेगा उसे ही बेशकीमती वोट देंगे।
नव मतदाता राधिका नायक, पिंकी मेघवाल, नमिता मेघवाल और मीना नागर आदि ने उसी प्रत्याशी को अपना बेशकीमती मत देने की बात कही जो युवाओं को रोजगार और महिलाओं को सुरक्षा दे सके।
फेक न्यूज की बारीकियां समझने के बाद नव युवक मंडल के सचिव रवि मेघवाल ने खुद संकल्प लेने के साथ ही सभी ग्रामीणों को भी संकल्प दिलवाया कि सोशल मीडिया पर आने वाले मैसेज को जब तक सत्यता की कसौटी पर कस नहीं लेंगे तब तक किसी को फॉरवर्ड नहीं करेंगे। नेहरू युवा केंद्र के जिला समन्वयक महेंद्र सिंह सिसोदिया ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान पत्रिका ने मतदाताओं को जागरुक करने का जो अभियान चलाया है वह इस विधान सभा चुनाव में मील का पत्थर साबित होगा। आरसेटी के निदेशक प्रेम मूलचंदानी ने कहा कि राजस्थान पत्रिका के इस अभियान से मतदाता जागरुक होगा और अपने वोट का महत्व समझेगा।
#Good News: दिसम्बर में देखेंगे कोटा वाले उड़ती हुई ट्रैन...160 की स्पीड, घुमेगी कुर्सिया
कार्यक्रम के दौरान पूर्व सरपंच बंशीलाल ने बताया कि उनकी 80 साल की उम्र हो चुकी है, लेकिन वे किसी भी चुनाव में मतदान करने से नहीं चूके। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें किसी लालच में फंसे बिना वोट देना है क्योंकि जरा सा लालच पूरे पांच साल खराब कर सकता है। इस दौरान रवि राज सरगम, बद्री लाल नागर और दिलीप सेन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।