कोटा

देर रात ऑटो में बैठे युवकों को घर जाने को कहा तो एएसआई से कर दी धक्का-मुक्की, वायरलैस सैट छीनने का किया प्रयास

देर रात ऑटो में बैठे युवकों को घर जाने की नसीहत देना पुलिस को भारी पड़ गई। युवकों ने अभद्रता की और लोगों ने एएसआई से धक्का-मुक्की कर दी।
2 min read
• •
Updated: 17 Jan 2018, 8:34 AM IST
crime

कोटा . गुमानपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात को ऑटो में बैठे युवकों को टोकने पर लोगों ने एएसआई के साथ धक्का-मुक्की कर दी। पुलिस दो युवकों को पकड़ चौकी ले गई तो लोगों ने उन्हें छोडऩे को लेकर हंगामा किया। देर रात तक चले विवाद के बीच पुलिस ने दो युवकों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया।

छावनी पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई मुकेश त्यागी ने बताया कि रात दस बजे बाद वे और सिपाही शौकत गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सब्जीमंडी में चार युवक बैठे थे। उन्हें टोका और घर जाने को कहा तो उनमें से दो जने तो चले गए जबकि आकाश व लक्की उनसे अभद्रता करने लगे। ऐसा करने पर उन्हें पकड़ा तो वहां आस-पास से आई महिलाओं व लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और धक्का-मुक्की की, वायरलैस सैट छीनने का प्रयास किया।

इस पर पुलिस दोनों युवकों को पकड़कर पुलिस चौकी ले गई। उनके पीछे ही लोग भी आ गए। वे दोनों युवकों को बिना कार्रवाई छोडऩे की बात पर अड़ रहे थे। लोगों का कहना है कि पुलिस ने युवकों के साथ मारपीट की। उनका विरोध करने आई महिलाओं के साथ पुलिस ने अभद्रता की। लोगों ने कहा कि पुलिस दोनों युवकों के खिलाफ गलत कार्यवाही कर रही है।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही सीआई आनंद यादव व उप अधीक्षक बने सिंह मीणा भी मौके पर पहुंच गए थे। सीआई ने बताया कि लोगों ने एएसआई के साथ धक्का-मुक्की की है। इसके बावजूद उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं कर आकाश व लक्की को शांतिभंग में गिरफ्तार किया है।

Published on: