
सुकेत. सुकेत-डग मेगा हाइवे पर मंगलवार दोपहर को अचानक बाइक के सामने आए बालक को बचाने के प्रयास में बाइक सवार का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सहित नाले में गिर गया। पत्थर से सिर टकराने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी लेकर शव को सुकेत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
सुकेत थाने के एएसआई मानसिंह ने बताया कि इटावा पंचायत समिति के ककरावदा गांव निवासी पुष्पचंद (35) बाइक से सुकेत से जुल्मी की ओर जा रहा था। तभी सड़क पर अचानक बालक आ गया। जिसे बचाने के प्रयास में युवक का संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत नाले में जा गिरा। सिर पर पत्थर लगने से पुष्पचंद की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
दांई मुख्य नहर में गिरा ट्रैक्टर, चालक की मौत
सीमलिया. सीमलिया थाना क्षेत्र में डाबर हेड के पास एक ट्रैक्टर दांई मुख्य नहर में गिर गया। इससे ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। सीमलिया थानाधिकारी प्रहलाद मेघवाल ने बताया कि कन्हैयालाल (48) पुत्र लालजी लोधा हाल निवासी ढाबा सोमवार रात करीब नौ बजे करीब ट्रैक्टर लेकर खेत में काम कर ढाबा गाव में दांई मुख्य नहर की पाल पर बनी सडक पर आ रहा था। डाबर हेड नहर के पास सन्तुलन बिगडने से वह ट्रैक्टर सहित दांई मुख्य नहर में गिर गया। इससे उसकी मौत हो गई। मृतक के भाई बंशीलाल ने इस आशय की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि झालावाड़ जिले के जावर थाना क्षेत्र के लोदीपुरा गांव निवासी करीब तीस साल से परिवार सहित ढाबा में रह कर मजदूरी करता था। परिजनों ने शव का ढाबा गांव में अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस को सुबह मिली सूचना
थानाधिकारी के अनुसार पुलिस को हादसे की जानकारी मंगलवार सुबह मिली। परिजनों ने रात को ही शव निकाल लिया था। पुलिस जब मृतक के घर पहुंची तब तक शव को अंतिम संस्कार के लिए मुक्तिधाम ले जाया जा चुका था। पुलिस मुक्तिधाम में भी पहुंची और वहां मौजूद लोगों से जानकारी ली। परिजनों ने कोई कार्रवाई चाहने से इनकार किया है। पुलिस फिर भी जांच कर रही है। जांच में जो सामने आएगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।