
कोटा. दशहरा मेले में मंगलवार देर रात पुलिस ने जमकर बवाल मचा दिया। व्यापारियों से मारपीट कर सामान फेंक दिए। वहीं, महिलाओं से अभद्रता भी की। पुलिस का रवैया देख व्यापारी सहम उठे। घटना के विरोध में बुधवार देर रात तक मेला बंद रहा। व्यापारी पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मेला परिसर में ही धरने पर बैठ गए। सूचना पर मेला समिति के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और देर रात तक समझाइश का दौर चलता रहा। पदाधिकारियों ने गुरुवार को निगम अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या समाधान का प्रयास किया जाने के आश्वासन के बाद रात 11 बजे मेला शुरू हो सका। मेले में हंगामा करने वाले पुलिसकर्मियों व अधिकारी ने व्यापारियों से गाली-गलौच व महिलाओं से अभद्रता की।
गल्ला फेंका, थप्पड़ जड़े
झूला बाजार के जाकिर ने बताया कि निगम ने जितनी जगह की रसीद काटी है, उसी में झूले लगाए हैं। कुछ झूलों में रसीद में दर्ज जगह से कम स्थान होने से झूला थोड़ा सड़क पर आ रहा है। बुधवार रात को पुलिस का बर्ताव देखकर तो ऐसा लगा कि मेला नगर निगम नहीं पुलिस चला रही हो। उन्होंने हमारा सामान जब्त किया, गल्ला उठाकर सड़क पर फेंक दिया। इसी बाजार में बैलून गन शूटिंग की दुकान लगाने वाले बाबूखान ने बताया कि पुलिस के अधिकारी आए और गाली-गलौच करते हुए बैलून व गन उठाकर ले गए। यह कहने पर कि दुकान नगर निगम की अनुमति से लगाई है तो उन्होंने दो-तीन थप्पड़ जड़ दिए। दुकान पर काम कर रहे लड़के को डंडों से पीटा। दुकानदारों ने कहा कि मौत के कुएं के बाहर काउंटर पर बैठे कर्मचारी को बुलाया और इतने में ही पुलिस ने वहां रखे गल्ले को सड़क पर फेंक दिया और मारपीट की।
Read More: कोटा एयरपोर्ट के सामने सेना की चलती गाड़ी में लगी आग, शहर में मचा हड़कम्प, वाहनों की लगी कतार
झूले की साइज कैसे कम करें
ड्रेगन झूला लगाने वाली अख्तरी बेगम ने बताया कि झूला लगाने के लिए निगम ने 60 गुणा 41 फीट जगह के लिए 2 लाख रुपए लिए हैं। इसकी रसीद है हमारे पास। मौके पर झूला लगाने के दौरान जब जगह का माप किया तो वह 60 गुणा 29 फीट ही निकली। निगम ने जगह तो कम कर दी, झूले की साइज को कैसे कम करें। ऐसे में आधा फुट जगह सड़क की कवर हो गई तो इसमें हमारी क्या गलती है।