
सांगोद. शहर में बपावर रोड पर सड़क चौड़ाईकरण कार्य के चलते आए दिन लग रहे जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए पुलिस एवं प्रशासन ने कवायद शुरू कर दी है। मार्ग पर बेरिकेडिंग लगाकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। साथ ही भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाते हुए उन्हें दूसरे मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है। इससे जाम से काफी हद तक राहत मिली है। उल्लेखनीय है कि बपावर रोड पर सड़क चौड़ाईकरण कार्य के चलते एक तरफ की सड़क पूरी तरह तोड़ दी गई है। सड़क के दूसरे हिस्से से ही दोनों तरफ के वाहनों की आवाजाही हो रही थी। संकरे मार्ग पर आमने-सामने भारी वाहन आने से बार-बार जाम लग रहा था। इससे वाहन चालकों के साथ ही राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को भी परेशानी उठानी पड़ रही थी।
समस्या को लेकर राजस्थान पत्रिका ने भी 24 नवंबर को प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया। पुलिस एवं प्रशासन ने बैठक कर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कदम उठाए। मार्ग पर बेरिकेडिंग के साथ पुलिसकर्मियों को तैनात किया। वहीं शहर में आने वाले भारी वाहनों को कनवास, बपावर व अन्य जगहों से ही डायवर्ट किया।