कोटा

पुलिस को दिखाया आइना: साहब, मदद करने की बजाए लोगों को परेशान कर रही कोटा पुलिस

पुलिस जवाबदेह समिति की बैठक में लोगों ने अपना दर्द बयां किए। पीडि़तों ने कोटा पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिन्हें सुन अधिकारी भी हैरत में पड़ गए।
3 min read
• •
Updated: 16 Jan 2018, 10:25 PM IST
Police Responsible Committee Meeting

कोटा . जिला स्तरीय पुलिस जवाबदेह समिति की मंगलवार को हुई बैठक में 6 ऐसे मामले आए, जिनमें पीडि़त पक्षों की सुनवाई व कार्यवाही करने की जगह पुलिसकर्मी ही उन्हें परेशान कर रहे हैं। थानों में शिकायतों के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। समिति ने शहर व ग्रामीण पुलिस अधीक्षकों को पत्र लिखकर आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्यवाही करने को कहा है। जनसुनवाई के दौरान समिति के सदस्य सचिव एएसपी (मुख्यालय) उमेश ओझा और समिति की सदस्य डॉ. प्राची दीक्षित व बालमुकुन्द वर्मा भी मौजूद थे।

आरोप - समाजकंटकों से मिले हुए हैं पुलिस वाले

शहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित नशा मुक्ति केन्द्र में समिति के अध्यक्ष एडवोकेट रविन्द्र विजय की अध्यक्षता में बैठक हुई। विजय ने बताया कि कुराड निवासी गिर्राज गोयल(65) ने बताया कि उनकी 30 बीघा जमीन है। जिस पर भूमाफिया कब्जा करना चाह रहे हैं। थाना देवली मांझी के एएसआई मदनलाल व एसएचओ सत्य नारायण समाजकंटकों के साथ मिलकर परेशान कर रहे हैं। शिकायत पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

आरोप : दादा-दादी से मिलने पर पोती को परेशान करती है एएसआई
एक अन्य मामले में महावीर नगर निवासी पूर्वा शर्मा पुत्री संजय शर्मा ने शिकायत दी है। जिसमें बताया कि उसके दादा-दादी उमाशंकर व यशोदा शास्त्री नगर दादाबाड़ी में रहते हैं। उनके मकान पर उसके ताऊ अजय शर्मा कब्जा करना चाहते हैं। उनकी मदद ट्रैफिक एएसआई कला शर्मा कर रही है। एएसआई द्वारा परेशान करने के कारण ही उन्हें इस घर को छोड़कर किराए के मकान में रहना पड़ रहा है। वह जब भी दादा-दादी से मिलने आती है तो एएसआई उसे परेशान करती है। इस पर समिति ने शहर पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर एएसआई के खिलाफ कार्यवाही व उसे पाबंद करने को कहा गया है।

आरोप : गम्भीर मामले में पुलिस ने नहीं की रिपोर्ट दर्ज
होटलकर्मी सत्यनारायण मेहरा ने समिति को शिकायत दी कि बजरंग सिंह शेखावत ने नौकरी दिलाने के नाम पर उससे 90 हजार रुपए ले लिए। इसकी शिकायत जवाहर नगर थाने में देने के बावजूद अभी तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है और न ही कोई कार्यवाही की। इस पर एसएचओ को रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही करने को कहा गया है।

आरोप: भूमाफिया के खिलाफ सुस्त है सीमलिया थाना पुलिस

सीमलिया थाना क्षेत्र निवासी रघुनाथ मंदिर पुजारी श्याम सुंदर ने रिपोर्ट दी कि कुछ लोग मंदिर ट्रस्ट की जमीन पर कब्जा करना चाह रहे हैं। इस बारे में सीमलिया थाने में शिकायत के बावजूद कोई कार्यवाहीं हो रही है। इस पर समिति ने एसएचओ को ऐसे लोगों के खिलाफ कार्यवाही करने को कहा है।

आरोप : नशे में पत्नी से मारपीट करता है पुलिस लाइन का सिपाही

रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात सिपाही अशोक कुमार की पत्नी सुगना मीणा ने भी समिति को रिपोर्ट दी कि शराब के नशे में पति अशोक उससे मारपीट करता है और घर खर्च भी नहीं देता है। इस पर समिति ने जांच के लिए एक कमेटी गठित की है। इसमें बयान लेने के बाद ही आगामी कार्यवाही होगी। विज्ञान नगर निवासी पदम वैष्णव ने शिकायत दी कि उसके किराए के मकान में कुछ सामान रखा है, जिसे मकान मालकिन गीता बाई नहीं निकालने दे रही है। इस बारे में थाने में शिकायत देने पर एसआई अब्दुल रशीद उसी महिला का साथ देते हैं। इस पर समिति ने एसएचओ को कार्यवाही करने को कहा है।

Updated on:
16 Jan 2018, 10:25 PM IST
Published on: