
कोटा . छत्रपुरा स्थित मीणा छात्रावास परिसर में रविवार को आयोजित युवा आदिवासी मीना समाज समिति कोटा संभाग का स्नेह मिलन व सम्मान समारोह हंगामे की भेंट चढ़ गया। समारोह में राजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. किरोड़ीलाल मीणा को बतौर मुख्य अतिथि व विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष रामनारायण मीणा को अध्यक्षता के लिए बुलाया गया था। समारोह में जैसे ही किरोड़ीलाल मीणा का सम्बोधन खत्म हुआ।
रामनारायण मीणा ने माइक लेकर किरोड़ीलाल पर व्यक्तिगत आक्षेप लगाना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि किरोड़ी का बड़ा मकान है। मुझे हराने के लिए उम्मीदवार उतारा। उसकी पैसों से भी मदद की। इनके पास हेलीकॉप्टर कहां से आया। यह सारी चीजें हमें देखनी पड़ेगी।
मीणा समाज दो भागों में नहीं बंटे। इसके लिए हमें बैठकर बात करनी होगी। जब मकान की बात आई तो किरोड़ी उखड़ गए। उन्होंने कहा कि मैंने पूरा जीवन समाज की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। तुम लोग कंट्रोवर्सी करके समाज को तोडऩा चाहते हों। किरोड़ी व रामनारायण में कहासुनी हुई। किरोड़ी ने रामनारायण मीणा के हाथों से माइक छीन लिया। उसके बाद गुस्सा होकर किरोड़ी कार्यक्रम छोड़कर चले गए। इसी बीच कार्यक्रम के आयोजकों ने समारोह में प्रतिभाओं को पुरस्कृत कर दिया।
समाज के कुछ पदाधिकारी किरोड़ी को मनाने के लिए उनके पीछे भी गए, लेकिन किरोड़ी नहीं आए। समाज के लोगों ने भोजन भी नहीं किया और कार्यक्रम छोड़कर चले गए। यह सारा घटनाक्रम मंच पर मौजूद कांग्रेस के पूर्व देहात जिलाध्यक्ष कुन्दन चीता, बूंदी उपजिला प्रमुख सत्येन्द्र मीणा, झालावाड़ जिलाध्यक्ष हुकम चंद मीणा, बारां जिलाध्यक्ष रविकांत, हाड़ौती आदिवासी मीणा समाज के संभागीय अध्यक्ष रामस्वरुप मीणा, चम्पा वर्मा समेत अन्य पदाधिकारी के बीच हुआ।
किरोड़ी ने सरकार को कोसा
इससे पहले समारोह में डॉ. किरोड़ी ने राज्य सरकार को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा की सरकार गूंगी-बहरी सरकार है। राज्य में 15 लाख युवाओं को नौकरी देने वाली इस सरकार पर हमारा 22 हजार नौकरियों का बैकलॉगचल रहा है। यह तो हमारी उधार है। उन्होंने सरकार को चेताया कि युवाओं को यदि नौकरी नहीं दे सको तो बेरोजगारों को दस हजार रुपए प्रतिमाह भत्ता दो। भ्रष्टाचार के खिलाफ हमें भी आगे आना होगा। आज कोई ऐसा इलाका या दफ्तर नहीं बचा है जहां बिना लूट के काम होता हो।