माय ट्रिस्ट विद माउंट किलिमंजारो-ए ट्रेक फुल ऑफ एडवेंचर एंड लर्निंग’ पुस्तक यंगस्टर्स को करेगी प्रेरित
अनूठे व साहसिक कार्यों को अंजाम देने में कोटा के युवा भी पीछे नहीं हैं। इन्ही में से एक है प्रत्यक्ष भांगडिया। महज 15 साल के 10वीं कक्षा के विद्यार्थी प्रत्यक्ष ने मार्च में विश्व की उच्चतम पर्वत चोटियों में से एक माउंट किलिमंजारो को फतह किया था, अब अपनी उसी साहसिक यात्रा पर ‘माय ट्रिस्ट विद माउंट किलिमंजारो-ए ट्रेक फुल ऑफ एडवेंचर एंड लर्निंग’ पुस्तक लिख डाली। प्रत्यक्ष के साहसिक कार्य व सृजनात्मकता पर 15 अगस्त को शिक्षा मंत्री ने सम्मानित किया। जिला कलक्टर रविन्द्र गोस्वामी ने पुस्तक का विमोचन किया।
यात्रा के अनुभव व रोमांच की शब्दों में अभिव्यक्ति
प्रत्यक्ष ने बताया कि उन्होंने पुस्तक में कोटा से लेकर माउंट किलिमंजारो की चढ़ाई को एक पुस्तक के माध्यम से साझा किया है। यह पुस्तक प्रत्यक्ष के माउंट किलिमंजारो, अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी की यात्रा पर आधारित है। वह बताते हैं कि हर यात्रा एक सीख देती है। इस यात्रा से पहले वे काफी रोमांचित थे। पापा का साथ था तो कोई भय नहीं था। मां प्रगति भांगडि़या हमेशा मोटिवेट करती हैं।
धीरे-धीरे रे मना...
पर्वतारोहण में उन्होंने कोई जल्दबाजी नहीं की। चढ़ाई में जल्दबाजी थकान दे सकती थी, इसे देखते हुए धीरे धीरे चढ़ाई की और यात्रा का पूरा लुत्फ उठाया। पहली पुस्तक के विमोचन पर खुशी जाहिर करते हुए प्रत्यक्ष ने कहा कि यह पुस्तक उनकी तैयारी, तंजानिया की यात्रा और पर्वत पर की गई जीवन बदलने वाली ट्रेक को विस्तार से बताती है। यह पुस्तक रोमांचक अनुभवों, शिक्षाप्रद घटनाओं और सभी उम्र के साहसिक प्रेमियों के लिए प्रेरणा से भरी हुई है। अंग्रेजी में लिखी गई पुस्तक 83 पेज की है। प्रत्येक अध्याय, कहानी के रूप मेें है। जो संदेश के साथ मनोरंजन और प्रेरणादायी है। प्रत्यक्ष ने इसी शीर्षक के साथ 37 मिनट की एक डॉक्यूमेंट्री पहले ही सोशल मीडिया पर रिलीज की है।
मार्च में मिली थी उपलिब्ध
प्रत्यक्ष ने मार्च में अफ्रीका के सबसे ऊंचे पर्वत माउंट किलिमंजारो पर चढ़ाई की थी। उसने यह यात्रा अपने पिता के साथ 12 मार्च को कोटा से शुरू की थी। वह 14 मार्च को मुंबई और फिर केन्या की राजधानी नैरोबी होते हुए तंजानिया गए थे, जहां माउंट किलिमंजारो स्थित है। भारत से प्रत्यक्ष व उनके पिता महेश भांगडिया के अलावा जर्मनी से तीन, कनाडा से एक समेत छह पर्वतारोहियों ने 15 मार्च को पदयात्रा शुरू की। समूह में सबसे कम आयु के प्रत्यक्ष थे। उत्साह बढ़ाने वाले गाइड व भोजन इत्यादि के लिए सहयोगी भी शामिल रहे। साहस व धैर्य का परिचय देते हुए 20 मार्च को वे 5895 मीटर (19340 फीट) की ऊंचाई पर पर्वत की चोटी पर पहुंचे।
यात्रा में ऐसा रोमांच
जीवन बदलने वाला अनुभव था। प्रतिदिन लगभग 8-10 घंटे यात्रा करते थे। स्लीपिंग बैग में सोना और पहाड़ पर रहते हुए संसाधनों का बेहतर उपयोग करना कठिन था। ऊंचाई पर सर्दी परेशान करने वाली थी। हाइपोथर्मिया के खतरे के कारण उन्हें अपनी शिखर यात्रा उहुरू चोटी से ठीक पहले समाप्त करनी पड़ी, लेकिन माउंट किलिमंजारो के अधिकारियों ने उनकी उपलब्धि को प्रमाणित करते हुए उनकी उम्र, 15 वर्ष से कम का हवाला देते हुए शिखर तक उनकी चढ़ाई पर विचार किया।