
कोटा. मौसमी बीमारियों का सीजन होने के साथ ही शहर के जिला अस्पतालों में मरीजों की भीड़ शुरू हो गई है। सरकारी अस्पतालों में जांचों की लम्बी व ढीली प्रक्रिया से वाकिफ मरीजों की मजबूरी का फायदा निजी पैथोलोजी लैब संचालक जमकर उठा रहे हैं। निजी लैबों पर मरीजों से जांच के मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं।
जिला प्रशासन के निर्देशों का भी इनपर असर नहीं हो रहा। आमतौर पर बुखार की शिकायत पर चिकित्सक मरीज को ब्लड शुगर, सीवीसी, रेनल प्रोफाइल, लिपिड प्रोफाइल, लिवर प्रोफाइल व यूरिन जांच की लिखते हैं। सरकारी अस्पतालों में जांच की लम्बी प्रक्रिया के चलते मरीज निजी लैब पर पहुंच जाते हैं। लेकिन जानकारी के अभाव में निजी लैब संचालक ऐसे मरीजों से जांचों के मनमाने दाम वसूल लेते हैं।
सीवीसी के दो सौ रुपए
कई प्राइवेट लैब में सीवीसी जांच के दो सौ रुपए तक वसूले जा रहे हैं। जबकि सरकारी दर 80 रुपए तय है।
कमिशन का खेल...
सूत्रों ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में चिकित्सक कमिशन के खेल के चलते प्राइवेट लैब के टेक्निशियनों को अस्पतालों में बुलाकर मरीजों के टेस्ट करवा रहे हैं। जबकि हकीकत यह है कि सरकारी लैब 24 घंटे खुलती है। प्राइवेट लैबों में जांच सेम्पल जाना ही नहीं चाहिए।
& प्राइवेट लैब संचालकों को आदेश जारी कर जांचों की सूची चस्पा करने के आदेश दिए थे। यदि आदेशों की पालना नहीं कर रहे है तो कार्रवाई करवाएंगे।
डॉ. आर.के. लवानिया, सीएमएचओ
कागजी आदेश जारी कर बैठ गए
चिकित्सा विभाग ने पिछले दिनों निजी लैब संचालकोंं को जांचों की सूची चस्पा करने के आदेश जारी किए थे, लेकिन कई निजी लैब संचालकों ने इन आदेशों की पालना नहीं की। पत्रिका संवाददाता ने रविवार को नयापुरा, तलवंडी, राजीव नगर समेत अन्य स्थानों पर प्राइवेट लैबों पर जाकर चस्पा सूची व जांचों की पड़ताल की तो कई जगह सूची चस्पा नहीं मिली। जांचों की राशि में भी अंतर मिला।