कोटा

प्रॉपर्टी डीलर ने अपने ही कर्मचारी की पत्नी को बनाया हवस का शिकार, बहाने से पति को बाहर भेज किया रेप

कोटा एसपी घूसकांड से चर्चाओं में आए प्रॉपर्टी डीलर ने हिस्ट्रीशीटर के साथ मिलकर अपने फॉर्म हाउस पर रहने वाली महिला को हवस का शिकार बना डाला।

2 min read
Nov 10, 2017
Property Dealer Raped his Employees Wife, Property Dealer In Kota, Bohra Farm House Kota, Rape at Farm House in Kota, Rape in Kota, Rape in Rajasthan, Kota Rajasthan Patrika, Kota Latest News, Kota News in Hindi, Crim News Kota
Property dealer raped his employees wife

कोटा के बहुचर्चित एसपी घूसकांड में नाम आने के बाद विवादों में आए प्रॉपर्टी डीलर ने मदद के नाम पर अपने एक कर्मचारी को पत्नी के साथ फॉर्म हाउस पर रहने के लिए जगह दे दी, लेकिन बुधवार को जैसे ही उसे मौका मिला उसने कर्मचारी की पत्नी को अपनी हवस का शिकार बना डाला। प्रॉपर्टी डीलर ने अपने हिस्ट्रीशटर साथी के साथ मिलकर बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में स्थित फार्म हाउस पर वारदात को अंजाम दिया। रेप के बाद हिस्ट्रीशीटर ने पीडि़ता को जान से मारने की धमकी भी दी। पीडि़ता के पति की रिपोर्ट पर पुलिस ने गुरुवार रात को दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

प्रॉपर्टी डीलर और हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

जांच अधिकारी उप अधीक्षक नरसीलाल मीणा ने बताया कि नयानोहरा स्थित बोहरा फार्म हाउस के 50 वर्षीय मालिक व प्रोपर्टी डीलर बजरंग लाल बोहरा व उसके साथी मोहित खटीक को गिरफ्तार किया है। बोहरा पर विवाहिता से दुष्कर्म करने और गुमानपुरा थाने के हिस्ट्रीशीटर मोहित पर दुष्कर्म से पहले महिला को बाथरूम में धक्का देकर धमकाने का आरोप है।

पति गया था आटा लेने

उप अधीक्षक ने बताया कि फरियादी नयानोहरा स्थित बोहरा फार्म हाउस पर पत्नी के साथ रहता है। बुधवार शाम को गेहूं पिसवाने के लिए बाजार गया और कुछ देर बाद लौटा तो पत्नी ने बताया कि वह लघुशंका के लिए गई थी। उसी समय वहां मोहित खटीक आया। आते ही उसने उसे बाथरूम में धक्का देकर गिरा दिया। बजरंग लाल बोहरा ने बाथरूम का दरवाजा बंद कर उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद मोहित ने उसे इस बारे में किसी को भी बताने पर उसे व उसके पति को जान से मारने की धमकी दी।

दिनभर होती रही पूछताछ

बजरंग लाल बोहरा के खिलाफ रिपोर्ट मिलते ही पुलिस अधिकारी हरकत में आ गए। उन्होंने तुरंत उसे हिरासत में ले लिया और पूछताछ के लिए थाने ले आए। प्रॉपर्टी डीलर और उसके हिस्ट्रीशटर साथी से पुलिस ने दिनभर पूछताछ की। शुरुआत में तो यह लोग पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन सख्ती के बाद आखिरकार टूट गए और पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो गया। मामला सही पाए जाने पर पुलिस ने गुरुवार रात को दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद पीडि़ता का गुरुवार को मेडिकल कराया गया। साथ ही अदालत में उसके धारा 164 के बयान करवाने के लिए प्रार्थना पत्र पेश किया। जिस पर अदालत ने शुक्रवार को बयान कराने का आदेश दिया।

पहले भी रहा विवादों में

प्रॉपर्टी डीलर बजरंग लाल बोहरा का विवादों से पुराना नाता रहा है। कोटा के बहुचर्चित एसपी सत्यवीर सिंह घूसकांड में भी बोहरा का नाम चर्चा में आया था। बोहरा पर आरोप लगा था कि उसने एसपी सत्यवीर को एक गाड़ी खरीदकर दी थी, लेकिन एसपी ने इस गाड़ी को दलाल दंपत्ति फरहीन और निसार को को इस्तेमाल करने के लिए दे दी थी, लेकिन उस समय उसके खिलाफ पुख्ता सबूत नहीं होने से वह बच गया था।

Published on:
10 Nov 2017 10:30 am