कोटा

राहुल गांधी बोले- हम बनाएंगे कोटा में एयरपोर्ट

कहा, एयरपोर्ट नहीं देकर भाजपा सरकार ने कोटा की जनता पर किया जुल्म कोटा की जनता को लूट रही है निजी बिजली कम्पनी  
3 min read
Oct 25, 2018
kota news
cartoon Kota airport

कोटा. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को मुख्यमंत्री के गृह जिले झालावाड़ में चुनावी शंखनाद कर करीब 90 किलोमीटर का रोड शो का रात आठ बजे नयापुरा में सभा के साथ समापन हुआ। नयापुरा थाने के सामने नुक्कड़ सभा में राहुल गांधी ने राष्ट्रीय मुद्दों से लेकर स्थानीय मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर सीधा हमला बोला। 32 मिनट के भाषण में करीब 16 मिनट कोटा के स्थानीय मुद्दों पर बोले और सरकार को घेरा। शहर के ज्वलंत मुद्दे हवाई सेवा और बिजली पर फोकस करते हुए शिक्षा नगरी का विजन भी रखा। उन्होंने कोटा की जनता से वादा किया है कि यदि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनी तो कोटा में एयरपोर्ट बनाएंगे। जो मुद्दे विधानसभा चुनाव में हावी रहेंगे, उन्हें छूते हुए जनता का विश्वास जीतने की कोशिश की। सभा में लोगों से सीधा संवाद किया। सभा को राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत, प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और पूर्व मंत्री शांति

हवाई सेवा : 4 मिनट बोले
राहुल गांधी ने कहा कि कोटा शिक्षा का सेन्टर है। यहां देशभर से बच्चे कोचिंग लेने आते हैं। कोटा में एयरपोर्ट चालू नहीं करके भाजपा सरकार ने यहां की जनता पर जुल्म किया है। बच्चों के अभिभावकों पर जुल्म किया है। एयरपोर्ट चालू होता तो कोटा देश से जुड़ता। राहुल बोले मैं कोटा की जनता से मोदी और मुख्यमंत्री वाला वादा नहीं करूंगा। जो उन्होंने रोजगार, महंगाई कम करने के किए थे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनेगी तो कोटा में एयरपोर्ट बना देंगे। यह वादा कांग्रेस पार्टी नहीं, कोटा की जनता से राहुल गांधी कर रहा है। एयरपोर्ट कोटा की जनता का हक है। मैं वादा कर कोई आप पर अहसान नहीं कर रहा हूं
शिक्षा : 4.30 मिनट बोले

राहुल गांधी ने अपने भाषण में बार-बार कोटा का नाम एजुकेशन सेन्टर के नाम पर लिया। उन्होंने कहा कि कोटा के कोचिंग चलाने वाले, ट्यूशन देने वालों ने 22 साल पहले कोटा का विजन देखा था। आज उनके विजन और मेहनत से ही कोटा हिन्दुस्तान में एजुकेशन सेन्टर के नाम से जाना जाता है, लेकिन प्रधानमंत्री 15 अगस्त को लाल किले से भाषण देते है कि 40 साल से हाथी सो रहा था, यानी हिन्दुस्तान सो रहा था, कोटा की जनता सो रही थी। एजुकेशन सेन्टर के नाम से कोटा को रोशन करने वाले सो रहे थे।

बिजली पर हमला : 3 मिनट

शहर में बिजली के निजीकरण तथा स्मार्ट मीटर के बाद मनमाने बिल आने से परेशान लोगों की दुखती रग पर हाथ रखते हुए राहुल ने इस मुद्दे से लोगों को सीधा संवाद कर जोडऩे की कोशिश की। उन्होंने भीड़ में खड़े एक कार्यकर्ता चेतन मेवाड़ा की ओर इशारा करते हुए कहा। क्यों भैय्या बिजली कम्पनी लूट रही है या नहीं, चेतन ने हां में हां मिलाई। इसके बाद छत पर बैठी एक महिला ने हाथ हिलाकर इशारे में हां कहा। बिजली कम्पनी पर हमला बोले हुए कहा कि जनता का करोड़ों रुपए लूटकर किसकी जेब भर रहे हैं।

महंगाई पर बोले : 4 मिनट

उन्होंने महंगाई को लेकर भी प्रधानमंत्री पर प्रहार किया। छत पर भाषण सुन रही पूर्व महापौर डा. रत्ना जैन की ओर इशारा करते हुए राहुल ने कहा कि बहनजी गैस सिलेण्डर कितने में आ रहा है। फिर राहुल ने ही कहा कि 900 रुपए में आ रहा है। आपको पता है कि 500 रुपए किसकी जेब में जा रहे हैं। अनिल अम्बानी की जेब में..., इसे कहते हैं 'डायरेक्ट कैश ट्रांसफर Ó। राहुल ने पेट्रोल-डीजल के दामों का जिक्र नहीं किया तो भीड़ से आवाज आई, पेट्रोल-डीजल भी महंगा हो गया.., राहुल बोले, धन्यवाद मुझे याद दिला दिया। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़ रहे हैं, हिन्दुस्तान में ऐसा क्या हो गया, जहां रोजाना दाम बढ़ रहे हैं

जीएसटी और नोटबंदी पर बोले : 1.30 मिनट

जीएसटी और नोटबंदी के मुद्दों पर भी स्थानीय रूप देकर लुभाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने गब्बर सिंह टैक्स लगाया है। इस टैक्स से कोटा के दुकानदार भी परेशान है। नोटबंदी पर कहा कि लोगों को खुद के पैसों के लिए लाइन में लगना पड़ा था। नोटबंदी के दौरान पूंजीपतियों को लाइन में नहीं लगना पड़ा था।

कांग्रेस ने क्यों नहीं बनाया एयरपोर्ट

सांसद ओम बिरला ने राहुल गांधी से किया सवाल

कोटा. राहुल गांधी के दौरे को लेकर सांसद ओम बिरला ने बयान देते हुए कहा, कांग्रेस के शासन में हाड़ौती के साथ भेदभाव होता रहा है। अशोक गहलोत के कार्यकाल में हाड़ौती के साथ भेदभाव हुआ, लेकिन कांग्रेस के जनप्रतिनिधि देखते रहे। गहलोत कोटा का हक मारते हुए आईआईटी को जोधपुर लेकर चले गए। ऐसे में राहुल गांधी अब वे किस मुंह से कोटा की धरती पर आए हैं। ये भी जनता को बताना चाहिए। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस किसानों को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, लेकिन तथ्यहीन बातें और झूठ परोसने का काम कर रहे हैं। उन्हें अब तो अपनी जिम्मेदारी का अहसास होना चाहिए। इतने बड़े पद पर रहते हुए तथ्यहीन बातें करना स्वस्थ लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। हवाई अड्डे के मसले पर बिरला ने कहा, कांग्रेस की सरकार थी तब क्यों नहीं बनवाया हवाई अड्डा और विमान क्यों नहीं चले। भाजपा सरकार ने हवाई अड्डे पर 50 लाख खर्च किए और विमान भी चलवाया, वो अलग बात है कि तकनीकी कारणों से विमान बंद हो गया। विमान का संचालन फिर से शुरू हो जाएगाा।

Published on:
25 Oct 2018 04:49 pm