कोटा

KDA: 86 करोड़ रुपए से निखरेगा राजस्थान का ये शहर, चौड़ी होंगी सड़कें, लिंक रोड और हेरिटेज वॉक मार्ग समेत ये होंगे विकास कार्य

86 Crore Rupees KDA Project: नगर निगम और केडीए की ओर से करीब 86 करोड़ रुपए की लागत से सड़क चौड़ीकरण, लिंक रोड निर्माण, हेरिटेज वॉक मार्ग के विकास और ऐतिहासिक इमारतों के सौंदर्यीकरण जैसे कई विकास कार्य किए जाएंगे।

2 min read
Mar 29, 2026
KDA Good News
फोटो: AI

Kota Development: कोटा शहर के परकोटे को प्राचीन वैभव में आधुनिकता का समावेश करते हुए निखारा जाएगा। इसके लिए नगर निगम और केडीए की ओर से अलग-अलग काम कर करीब 86 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। विकास के बाद परकोटा क्षेत्र की सूरत बदल जाएगी। नगर निगम हेरिटेज वॉक और अनंत चतुर्दशी शोभायात्रा मार्ग में सूरजपोल से मोखापाड़ा, कैथूनीपोल, रेतवाली, पाटनपोल, घंटाघर होते हुए रामपुरा बाजार, छोटी व बड़ी समाध तक सड़कों से अतिक्रमण हटाकर इन्हें चौड़ा करते हुए मरम्मत करेगा।

मार्ग को आकर्षक बनाने के लिए डेकोरेटिक पोल और लाइटें लगाई जाएगी और दीवारों को एक रंग में रंगते हुए इन पर राजस्थानी हेरिटेज की सुंदर पेंटिंग की जाएगी। मार्ग में आने वाली ऐतिहासिक इमारतों महात्मा गांधी स्कूल, महारानी स्कूल, लाल बुर्ज व लक्खी बुर्ज का फ्रंट एलिवेशन करते हुए फसाड़ लाइटें लगाकर आसपास के अतिक्रमण और विद्युत केबल्स हटाकर इनके हेेरिटेज को बरकरार रखते हुए संरक्षण के लिए मरम्मत कर आकर्षक रूप दिया जाएगा। हुडको ने मार्ग के सौंदर्यीकरण और बीच आने वाली चार प्रमुख इमारतों के फ्रंट एलिवेशन और फसाड़ लाइट के लिए करीब 13 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं।

लिंक रोड व कॉरिडोर बदलेगा सूरत

केडीए द्वारा कैथूनीपोल से अभय कमांड सेंटर तक लिंक रोड बनाया जा रहा है। इससे न केवल परकोटा क्षेत्र में चौपहिया वाहन आ जा सकेंगे, बल्कि सीधे अभय कमांड के निकट चौराहे से कनेक्टिविटी मिलेगी। केडीए श्रीमथुराधीश कॉरिडोर के तहत सड़क के चौड़ीकरण व परकोट में पार्किंग विकसित करेगा। इससे परकोटे क्षेत्र में पार्किंग की समस्या से भी निजात मिल सकेगी।

पत्रिका ने उठाया था नाइट टूरिज्म का मुद्दा

राजस्थान पत्रिका ने कोटा में नाइट टूरिज्म बढ़ाने के लिए प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए । इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कोटा में नाइट टूरिज्म की संभावनाओं को मूर्त रूप देने के लिए परकोटा क्षेत्र को निखारने, आकर्षक लाइटें लगाने और हेरिटेज इमारतों पर फसाड़ लाइटें लगाने के निर्देश दिए। इस पर नगर निगम की ओर से इसकी योजना तैयार की गई ।

अब हेरिटेज मार्ग और परकोटा क्षेत्र को निखारा जाएगा। नगर निगम इसकी पूरी कार्ययोजना तैयार कर चारों इमारतों पर करीब 2.26 करोड़ की लागत से रंग-बिरंगी फसाड लाइट्स लगाएगा । इससे रात के समय भी यह इमारतें पर्यटकों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनकर उभरेंगी, जिससे कोटा में नाइट ट्यूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा ।

फेक्ट फाइल: प्रोजेक्ट पर इतने होंगे खर्च

श्रीमथुराधीश मंदिर कॉरिडोर के प्रथम चरण पर कुल 66.25 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे । परियोजना के तहत कैथूनीपोल से अभय कमांड सेंटर तक लिंक रोड निर्माण पर करीब 10 करोड़ रुपए की लागत आएगी, जिससे यातायात व्यवस्था और सुगम होगी । वहीं चार प्रमुख इमारतों पर आकर्षक फसाड लाइटिंग के लिए 2.26 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे । इसके अलावा करीब 8 करोड़ रुपए की लागत से हेरिटेज वॉक मार्ग का विकास और सौंदर्यीकरण किया जाएगा । नगर निगम की ओर से हेरिटेज क्षेत्र की चार महत्वपूर्ण इमारतों पर फसाड लाइटिंग कर पर्यटन आकर्षण को भी बढ़ाया जाएगा ।

हेरिटेज वॉक मार्ग का भी विकास कार्य कर सौन्दर्यीकरण किया जाएगा । लिंक रोड का काम भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा ।
ओपी मेहरा, आयुक्त, नगर निगम, कोटा

केडीए की ओर से श्रीमथुराधीश मंदिर से चंबल रिवर फ्रंट तक सड़क का काम करने के अलावा पार्किंग व अन्य विकास कार्य किए जाएंगे । इसके लिए अधिग्रहण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है ।
ममता तिवाड़ी, आयुक्त, केडीए, कोटा

Published on:
29 Mar 2026 08:41 am