कोटा

Rajasthan Weather : अधिकतम तापमान गिरने से बढ़ी सर्दी, अलाव बने सहारा

बादल छाने व सर्द हवा ने जकड़ा

2 min read
Jan 02, 2026
Kota Weather

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हाड़ौती अंचल में नए साल की शुरुआत मावठ से हुई, वहीं शुक्रवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। दिनभर बादल छाए रहने और सर्द हवा चलने से जकड़न बढ़ गई। अधिकतम तापमान में गिरावट और अधिकतम-न्यूनतम तापमान में अंतर कम होने से सर्दी का असर तेज हो गया। शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच महज 4 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया गया।

इससे लोगों को सुबह-शाम, दिन-रात सर्दी का अहसास होता रहा। इससे पहले सुबह कोहरे की वजह से वाहन चालकों को हैडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। पूरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हो सके। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे। हवा के कारण कंपकंपी महसूस होती रही। शाम को कुछ देर के लिए सूर्यदेव बादलों के बीच से झांकते नजर आए, लेकिन धूप नहीं खिलने से लोगों को सर्दी से कोई राहत नहीं मिल सकी।

वाहनों पर शूल सी चुभती रही हवा

सर्दी के बढ़ते असर के चलते लोग घरों से बाहर निकलते समय ऊनी कपड़ों में लदे नजर आए। दुपहिया वाहन चालकों के लिए ठंडी हवा शूल की तरह चुभती रही। सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों ने भी सर्दी से बचने के लिए अतिरिक्त सावधानियां बरतीं। शाम ढलते ही सर्दी का असर और तेज हो गया। रात में घरों के बाहर और बाजारों में लोगों ने अलाव जलाकर सर्दी से बचने का प्रयास किया। बच्चे व बुजुर्ग घरों के अंदर ही दुबके रहे।

अधिकतम तापमान गिरा

कोटा का अधिकतम तापमान 3 डिग्री गिरकर 18.5 व न्यूनतम तापमान 3 डिग्री बढ़कर 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की रफ्तार करीब 4 किलोमीटर प्रति घंटे रही

गिरेगा पारा

मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। सुबह-शाम कोहरे का असर रहेगा। साथ ही, अगले दो से तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में सर्दी का असर और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Also Read
View All

अगली खबर