कोटा

Rajasthan Rain: राजस्थान में यहां बदला मौसम, तेज हवा के साथ बारिश और बिछी ओलों की चादर, जानें ताजा अपडेट

Rajasthan Rain: प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हाड़ौती अंचल में बुधवार को मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर तेज गर्मी व लू रही, लेकिन दोपहर बाद बादल छाए और तेज हवा के साथ बारिश हुई।

2 min read
Apr 29, 2026
फोटो पत्रिका नेटवर्क

Rajasthan weather update : कोटा। प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हाड़ौती अंचल में बुधवार को मौसम का मिजाज बदल गया। दिनभर तेज गर्मी व लू रही, लेकिन दोपहर बाद बादल छाए और तेज हवा के साथ बारिश हुई। कई जगह चने के आकार के ओले गिरे। इससे भीषण गर्मी से आंशिक राहत मिली।

कोटा शहर में गर्मी के तेवर सुबह से ही शुरू हो गए। दोपहर में लू चलती रही। दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और हल्की बारिश हुई। इससे भीषण गर्मी में तवे सी तप रही सड़कें ठंडी हो गई। इससे वाहन चालकों को राहत मिली। बारिश के साथ नयापुरा, गिरधरपुरा समेत कई जगहों पर चने के आकार के ओले गिरे।

शाम 5 बजे फिर मौसम खुला और तेज धूप खिली, लेकिन बाद में फिर बादल छा गए। इससे गर्मी से राहत मिली। कोटा का अधिकतम तापमान 41.3 व न्यूनतम तापमान 30.0 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में 11 डिग्री का अंतर ही रहा। कोटा में 0.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। कोटा जिले के इटावा कस्बे में शाम को 5 मिनट तक हल्की वर्षा हुई।

जरखोदा के आसपास बिछी ओलों की चादर

बूंदी शहर में दोपहर बाद दस मिनट हल्की बारिश हुई। तालेड़ा क्षेत्र में चार बजे तेज हवाओं के साथ ओले गिरे। बरून्धन कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में बारिश और तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि हुई। जरखोदा में पांच मिनट तक तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। जिससे मौके पर ओलो की सफेद चादर बिछ गई। बारां जिले में बादल छाए रहने के बावजूद तापमान अधिक होने से गर्मी से कोई राहत नहीं मिली।

आगे ऐसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने व बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं के प्रभावी होने से आगामी 3-4 दिन मेघगर्जन के साथ आंधी व कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। मई के प्रथम सप्ताह में भी राज्य में कहीं-कहीं हीट वेव की परिस्थितियां दर्ज होने व दोपहर बाद मेघगर्जन, आंधी की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है।

Also Read
View All