कोटा

BIG Breaking: कांग्रेस की पहली सूची जारी, कोटा-बूंदी से विधायक रामनारायण मीणा को उतारा मैदान में

लंबे इंतजार के बाद कांगे्रस ने उम्मीदवारों की पहली सूची गुरुवार देर रात जारी कर दी है। कोटा-बूंदी लोकसभा संसदीय क्षेत्र से पिपल्दा विधायक रामनारायण मीणा को प्रत्याशी घोषित किया है।
2 min read
Mar 29, 2019
congress candidate Ram narayan meena
BIG Breaking: कांग्रेस की पहली सूची जारी, कोटा-बूंदी से रामनारायण मीणा को उतारा मैदान में

कोटा. लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार उतारने को लेकर कांग्रेस ने चयन प्रक्रिया गुरुवार रात पूरी करने के साथ ही पहली सूची भी जारी कर दी है। कोटा-बूंदी लोकसभा संसदीय क्षेत्र से रामनारायण मीणा कांगे्रस के उम्मीदवार होंगे। नाम घोषणा के साथ ही चुनावी स्थिति भी साफ हो गई। अब चुनावी अखाड़े में राम नारायण भाजपा प्रत्याशी व सांसद ओम बिरला के सामने होंगे।

मीणा को टिकट मिलते ही कार्यकर्ताओं में आतिशबाजी कर मिठाइयां बांट जश्न मनाया। मीणा इससे पहले भी कोटा-बूंदी से सांसद रह चुके हैं। वर्तमान में पीपल्दा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। हालांकि दो दिन पहले कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने बूंदी में चुनावी सभा को सम्बोधित किया था। कांग्रेस अब प्रचार शुरू करेगी। संसदीय क्षेत्र में करीब 19 लाख मतदाता है, जो अपना सांसद चुनेंगे।

गौरतलब है कि कांगे्रस उम्मीदरवार चयन प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई थी। गुरुवार देर रात तक उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की तैयारी चल रही थी। सीईसी में उन नामों पर चर्चा हुई, जिनका पैनल एक दिन पहले करीब छह घंटे की मंत्रणा के बाद स्क्रीनिंग कमेटी ने तैयार किया था। राज्य में पहले फेज में 25 में से 13 लोकसभा सीटों पर 29 अप्रेल को मतदान होना है। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया 2 अप्रेल से प्रारम्भ हो रही है।

मुझे प्रत्याशी बनाया, खुद को खुशनसीब मानता हूं

कोटा-बूंदी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने के बाद सबसे पहले रामनारायण मीणा ने कहा, वे खुद को खुशनसीब समझते हैं कि कांग्रेस उन पर विश्वास कर रही है। मीणा ने कहा, कोटा के मतदाताओं ने मुझे पहले भी संसद में भेजा था। मैं कोटा से जुड़े मुद्दे उठाता रहा हूं। उन्होंने कहा, इस चुनाव में किसान, मजदूर, उद्योग, रेलवे और हवाई सेवा से जुड़े मुद्दे प्रमुख रहेंगे। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि काम करें तो कोई चुनौती नहीं है। कोटा में बड़ा हवाई अड्डा बने यह प्रयास रहेगा। किसान आत्महत्या क्यों कर रहे हैं, इसकी जांच होनी चाहिए। जब कोई दुर्घटना होती तो भी सहायता दी जाती है, फिर किसानों ने आत्महत्या की तो उन्हें मदद क्यों नहीं की गई। बेरोजगार बड़ी समस्या है।

Published on:
29 Mar 2019 12:14 am