
छबड़ा. अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ द्वारा आदर्श विद्या मंदिर में गुरु वंदन एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों का अंगवस्त्र, संघ का दुपट्टा एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता छीतरलाल गुर्जर ने गुरु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान का संचार नहीं करता, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला भी रखता है। ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी बद्रीलाल ने शिक्षकों की ईमानदारी, लगन और मेहनत की सराहना करते हुए उनके योगदान को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। मुख्य अतिथि मंडखो बालाजी के संत ने शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि शिक्षण कार्य के साथ-साथ समाज सेवा में भी सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि राष्ट्र को परम वैभव की ओर अग्रसर किया जा सके। महासंघ के जिला उपाध्यक्ष बद्रीलाल मेहता, खंड अध्यक्ष मुरारीलाल मीणा ने आभार व्यक्त किया।