कोटा

बेरहम खाकी: कोटा में देर रात एक्सीडेंट में गंभीर घायल हुआ युवक दर्द से तड़पता रहा और पुलिस देखती रही

Road Accident: कोटा में सड़क हादसे में गंभीर घायल हुआ युवक दर्द से तड़पता रहा और पुलिस परिजन का इंतजार करती रही।
2 min read
Aug 01, 2019
Road Accident

सुल्तानपुर. क्षेत्र के बूढ़ादीत थाना पुलिस का एक लापरवाहीपूर्ण रवैया बुधवार रात सामने आया। यहां सड़क हादसे ( Road Accident) में गंभीर घायल होने पर कोटा रैफर हुआ एक युवक एम्बुलेंस में 20 मिनट तक चिकित्सालय परिसर में तड़पता रहा लेकिन पुलिस उसके परिजनों का इंतजार करती रही।

जानकारी के अनुसार बड़ौद कस्बे में बूढ़ादीत रोड पर बाइक सवार महावीर पुत्र पन्नालाल महावर निवासी बड़ौद बुधवार रात गाय से टकराकर घायल हो गया। ( Stray cattle) उसे बूढ़ादीत थाने के हैड कांस्टेबल नरेश मीणा व 2 अन्य जवान अपने वाहन में लेकर सुल्तानपुर चिकित्सालय पहुंचे। चिकित्सक डॉ. श्याम मालव ने गंभीर हालत देख प्राथमिक उपचार कर उसे कोटा रैफर कर दिया। 108 एम्बुलेंस खराब होने से 104 एम्बुलेंस में युवक को कोटा रैफर किया गया। इसमें हेल्पर नहीं होने के चलते एम्बुलेंस चालक ने किसी एक जने को मरीज के साथ जाने की बात कही।

युवक के परिजनों का कोई पता नहीं चल पा रहा था। परिजनों के अभाव में कोई उसके साथ जाने को तैयार नहीं हुआ। करीब 20 मिनट तक पुलिस युवक के परिजनों का इंतजार करती रही। युवक एम्बुलेंस में तड़पता रहा। बाद में उसकी तबीयत बिगड़ती देख चिकित्साकर्मियों ने हंगामा कर दिया। तब एक पुलिसकर्मी एम्बुलेंस में कोटा जाने को राजी हुआ और युवक को भेजा गया। चिकित्साधिकारी डॉ. मालव ने बताया कि युवक के सिर में गंभर चोट है।

दोनों एम्बुलेंस हो रही खराब
चिकित्सालय में 104 व 108 दो एम्बुलेंस हैं लेकिन इनमें 108 तो पिछले 5 दिन से टायर खत्म होने के चलते नकारा पड़ी है। तब एकमात्र खस्ताहाल 104 एम्बुलेंस से ही डिलीवरीएक्सीडेंट के केस रैफर किए जा रहे हैं।

Published on:
01 Aug 2019 08:00 am