
कोटा. गुर्जर आंदोलन खत्म नहीं हुआ तो राजस्थान नॉलेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आरकेसीएल) परीक्षा रद्द हो जाएगी। वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय (वीएमओयू) के कुलपति ने गुरुवार सुबह परीक्षा आयोजित कराने या नहीं कराने के बाबत फैसला लेने के लिए बैठक बुलाई है। जिसमें गुर्जर आंदोलन न थमने की स्थिति में आरकेसीएल एग्जाम रद्द होना तय है।
Read More: कोटा में झमाझम बारिश के साथ गिरे ओले, बिजली कड़की, अंधेरे में डूबा शहर
सरकारी सेवाओं में अनिवार्य हो चुके कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्रमाण पत्र जारी करने के लिए वीएमओयू साल में दो बार आरकेसीएल के साथ मिलकर कम्प्यूटर सर्टिफिकेट एग्जाम आयोजित कराता है। विवि इस साल प्रदेश के 471 परीक्षा केंद्रों पर 17 फरवरी को साल की पहली परीक्षा आयोजित करा रहा है।
परीक्षा में 5.58 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा कराने के लिए बुधवार रात तक सभी टीमें तैयार हो गई थी। जिन्हें 14 फरवरी की सुबह रवाना किया जाना था, लेकिन गुर्जर आंदोलन थमने की बजाय और तेज हो गया। जिसके चलते करीब चौथाई परीक्षा केंद्र आंदोलन की चपेट में आ गए। जिसकी वजह से वहां तक परीक्षा सामग्री पहुंचाना असंभव हो गया है।
आज सुबह होगा फैसला
वीएमओयू के कुलपति प्रो. अशोक शर्मा ने बताया विवि प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। बुधवार शाम तक उम्मीद थी कि गुर्जर आंदोलन खत्म हो जाएगा, लेकिन अभी इसकी उम्मीद कम ही नजर आ रही है। गुरुवार सुबह बैठक बुलाई है यदि गुर्जर आंदोलन खत्म नहीं हुआ तो विवि आरकेसीएल एग्जाम रद्द करना पड़ेगा।