कोटा

डामर के इंतजार में सात किमी सड़क के गड्ढे नहीं भरे, गिट्टी डालकर निभा रहे जिम्मेदारी

दरा घाटी में नाल के पास सड़क और किनारे बदहाल, गड्ढों से बचने की जद्दोजहद में धीमी पड़ रही वाहनों की रफ्तार, लग रही कतारें
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 1:17 PM IST
Rajasthan News

मोड़क स्टेशन. मुकुंदरा टनल शुरू होने के बाद उम्मीद थी कि दरा घाटी से गुजरने वाले वाहन चालकों को जाम और परेशानी से राहत मिलेगी, लेकिन घाटी के सात किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग की बदहाली अब भी मुसीबत बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और क्षतिग्रस्त किनारों के कारण वाहन चालकों को संभलकर निकलना पड़ रहा है। गड्ढों से बचने के लिए वाहनों की रफ्तार धीमी होती है, वहीं संकरे और टूटे किनारों के चलते बड़े वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। इससे कई बार वाहनों की कतार लग जाती है और जाम जैसे हालात बन जाते हैं।

सबसे चिंताजनक स्थिति नाल के समीप बनी हुई है। यहां सड़क से डामर उखड़ चुका है और दोनों ओर की साइड भी क्षतिग्रस्त हो गई है। ऐसे में दो वाहनों के आमने-सामने आने पर निकलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलती। भारी वाहनों के गुजरने के दौरान यातायात की रफ्तार थम जाती है। सड़क के गड्ढों से वाहनों को नुकसान पहुंचने का खतरा भी बना रहता है।

गिट्टी डालकर बढ़ाई परेशानी

सड़क के गड्ढों में विभाग की ओर से सूखी गिट्टी डलवाई जा रही है, लेकिन यह अस्थायी इंतजाम भी वाहन चालकों के लिए परेशानी बढ़ा रहा है। वाहनों के निकलने से गिट्टी गड्ढों से बाहर आकर सड़क पर फैल रही है। इससे दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना हुआ है। वहीं भारी वाहनों को भी सड़क पर बिखरी गिट्टी से परेशानी हो रही है। वाहन चालकों का कहना है कि गिट्टी डालने के बजाय स्थायी मरम्मत की जरूरत है।

टनल के बाद भी नहीं मिली राहत

मुकुंदरा टनल शुरू होने से दरा घाटी में यातायात का दबाव पहले की तुलना में कम हुआ है। इसके बावजूद सात किलोमीटर सड़क की बदहाली वाहन चालकों की परेशानी का कारण बनी हुई है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क की मरम्मत नहीं होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है।

डामर के अभाव में अटका काम

सार्वजनिक निर्माण विभाग के अनुसार डामर उपलब्ध नहीं होने के कारण संवेदक सड़क की मरम्मत नहीं कर पा रहा था। इसके चलते गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त करने का काम अटका रहा।

किनारों की मरम्मत भी जरूरी

नियमित आवागमन करने वाले वाहन चालकों का कहना है कि विभाग को केवल गड्ढे भरने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सड़क के क्षतिग्रस्त किनारों को भी दुरुस्त किया जाए, ताकि दो वाहनों को निकलने में परेशानी न हो और दुर्घटना व जाम की आशंका से राहत मिल सके।

अब डामर उपलब्ध, जल्द होगी मरम्मत

सार्वजनिक निर्माण विभाग की सहायक अभियंता नीलिमा सिंह ने बताया कि डामर की अनुपलब्धता के कारण मरम्मत कार्य में देरी हुई। अब डामर उपलब्ध हो गया है। आगामी दिनों में सड़क की मरम्मत करवाई जाएगी। फिलहाल गड्ढों में गिट्टी डलवाई जा रही है, ताकि वाहन चालकों को कुछ राहत मिल सके।

Updated on:
28 Nov 2026, 1:17 PM IST
Published on: