
Snake In Kota Girls Hostel: कोटा के एक गर्ल्स हॉस्टल में सांप घुसने से हड़कंप मच गया। इस दौरान छात्राओं में अफरा-तफरी मच गई। सांप पाइप के सहारे कमरे तक पहुंचा, हालांकि, इस दौरान वह पाइप की जाली में बुरी तरह फंस गया। जिससे वह ठीक से रेंग भी नहीं पा रहा था। जानकारी मिलने पर हॉस्टल वार्डन ने रेस्क्यू टीम को सूचना दी। इसके बाद बड़ी मुश्किल से सांप को जाल से बाहर निकाला गया। इसमें सांप घायल भी हो गया। घटना कोटा के इंजीनियरिंग कॉलेज के गर्ल्स हॉस्टल की है। सांप की लंबाई करीब 7 फीट है और यह धामण प्रजाति का है।
रेस्क्यू के लिए आए स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि जाली में फंसने के बाद सांप की जान खतरे में थी। फिर कटर मशीन से जाली को काटा गया। डर यह था कि अगर कटर मशीन सांप पर लगती तो वह दो हिस्सों में बंट सकता था। लेकिन यह काम सावधानी से किया गया। इसमें सांप घायल भी हुआ। लेकिन इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में जंगल में छोड़ दिया गया। स्नेक कैचर गोविंद शर्मा ने बताया कि यह धामन प्रजाति का सांप था जो जहरीला नहीं होता। हालांकि कुछ मामलों में यह खतरनाक जरूर होता है।