
गिरफ्तार मनीष शर्मा उर्फ मोइन खान (फोटो: पत्रिका)
Kota Manish Sharma Alias Mohin Khan Case: कोटा में गिरफ्तार युवक मनीष शर्मा उर्फ मोइन खान के मोबाइल फोन से मिले कथित ऑडियो संदेशों ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। जांच एजेंसियां ऑडियो-वीडियो की प्रामाणिकता के साथ उनके पाकिस्तान से संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही हैं। मामले में एफएसएल रिपोर्ट को अहम माना जा रहा है। हालांकि रिपोर्ट आने में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं।
आरोपी के मोबाइल से मिले कथित ऑडियो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक ऑडियो में स्वयं को पाकिस्तान में मौजूद बताने वाला व्यक्ति शादीशुदा हिंदू महिलाओं को निशाना बनाने, धार्मिक प्रतीकों के साथ उनके वीडियो बनवाने तथा युवाओं को संगठित करने जैसी बातें करता सुनाई दे रहा है।
कथित ऑडियो में संबंधित व्यक्ति एक मिशन के तहत शादीशुदा हिंदू महिलाओं को फंसाने की बात करता है। इसमें कथित रूप से कहा गया है कि वीडियो में महिलाओं का मंगलसूत्र और सिंदूर स्पष्ट दिखाई देना चाहिए। इसके अलावा मुस्लिम युवकों को संगठित करने, कॉलेजों में संपर्क बढ़ाने और धीरे-धीरे नेटवर्क तैयार करने जैसी बातें भी सुनाई देती हैं। हालांकि इन ऑडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
बजरंग दल के कार्यकर्ता योगेश रेनवाल ने इस मामले को बड़ी साजिश बताते हुए गृह मंत्रालय में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर जांच की मांग की है। उनका आरोप है कि टेलीग्राम, स्नैपचैट और डिस्कॉर्ड जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से कथित तौर पर युवतियों के धर्मांतरण और धार्मिक प्रतीकों के साथ आपत्तिजनक वीडियो बनवाने का नेटवर्क संचालित किया जा रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की शिकायत पर मनीष शर्मा उर्फ मोइन खान के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी के मोबाइल की जांच के दौरान कई ऑडियो और अन्य डिजिटल सामग्री मिली है।
मोबाइल की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद ही ये स्पष्ट हो सकेगा कि ऑडियो वास्तविक है या नहीं तथा उनका आरोपी से क्या संबंध है। ऑडियो में सामने आए 'वकास' नामक व्यक्ति के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।
मांगेलाल यादव, थाना अधिकारी, उद्योग नगर
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) कोटा महानगर के प्रतिनिधिमंडल ने मामले में जिला कलक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री को शिकायत पत्र भेजकर कठोर कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने सिटी एसपी को भी प्रतिवेदन देकर विज्ञान नगर थाने में दर्ज मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कर कठोरतम कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जांच में धर्मांतरण के तथ्य मिलने पर राजस्थान विधि विरुद्ध धर्म-संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2025 के अंतर्गत कार्रवाई की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान विहिप प्रांत विधि प्रकोष्ठ संयोजक नवीन शर्मा, कोटा महानगर अध्यक्ष श्रीनाथ मित्तल, कोटा महानगर मंत्री आशीष शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Updated on:
27 Jun 2026 08:50 am
Published on:
27 Jun 2026 07:28 am
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
